जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

दुर्गावती बालिका इंटर कॉलेज परिसर में लाल बिहारी यादव ने की वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा

एमएलसी ने कहा कि शिक्षकों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्तर पर उनकी लड़ाई लड़ी जाएगी।
 

वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं पर एमएलसी ने की बैठक

सरकार से मानदेय दिलाने का दिया है आश्वासन

मानदेय न मिलने से उनके सामने रोज़ी-रोटी का संकट

चंदौली जिला के इलिया कस्बा स्थित दुर्गावती बालिका इंटर कॉलेज परिसर में मंगलवार को शिक्षक एमएलसी व नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं को लेकर बैठक की। इस दौरान विद्यालयों में कार्यरत वित्तविहीन शिक्षकों की आर्थिक स्थिति, सरकार की उपेक्षा और बढ़ती महंगाई पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने बताया कि लंबे समय से मानदेय न मिलने से उनके सामने रोज़ी-रोटी का संकट गहरा गया है। महंगाई के इस दौर में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। शिक्षकों ने कहा कि सरकार ने कई बार आश्वासन दिया, लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याएं गंभीर हैं। सरकार के वादों के बावजूद मानदेय न मिलना न केवल शिक्षकों के साथ अन्याय है बल्कि शिक्षा व्यवस्था के साथ भी खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि वह शिक्षकों के हितों की रक्षा और उन्हें मानदेय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मुद्दे को सदन से लेकर सड़क तक जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों की आर्थिक सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। वित्तविहीन शिक्षक प्रदेश के दूर-दराज इलाकों में बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उनके परिश्रम का उचित प्रतिफल नहीं मिल रहा है।

बैठक में प्रधानाचार्या गीता राय, निरुपमा केशरी, पूनम, चंद्रशेखर शर्मा, ओमप्रकाश यादव, अरविंद गुप्ता, सत्यप्रकाश गुप्ता, दिलीप मौर्या समेत कई शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने एमएलसी को अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं और जल्द समाधान की मांग की।

एमएलसी ने कहा कि शिक्षकों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्तर पर उनकी लड़ाई लड़ी जाएगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*