चकिया में दर्दनाक हादसा: लतीफशाह बांध में नहाते समय गहरे पानी में डूबे दो दोस्त
चंदौली जिले के चकिया स्थित लतीफशाह बांध में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश के लिए पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन देर शाम तक जारी रहा।
चकिया के लतीफशाह बांध में दर्दनाक हादसा
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे दो किशोर
एक किशोर का शव गोताखोरों ने किया बरामद
दूसरे लापता किशोर की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन
मौके पर पहुंची पुलिस, परिजनों में मचा कोहराम
चंदौली जिला के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लतीफशाह डैम में ईद के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहाने के दौरान डूबने से एक किशोर तथा एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सकलडीहा कस्बे के अलाईगली निवासी 19 वर्षीय समीर पुत्र कमालुद्दीन और 17 वर्षीय एकलाख पुत्र साबिर अली अपने सात अन्य दोस्तों के साथ कुल आठ लोगों का समूह बनाकर बाइक द्वारा ईद का त्योहार मनाने लतीफशाह डैम पहुंचे थे। सभी युवक वहां घूमने और पिकनिक मनाने के उद्देश्य से आए थे। इसी दौरान कुछ युवक डैम में नहाने के लिए उतर गए।
बताया जा रहा है कि नहाते समय समीर और एकलाख डैम के गहरे पानी में चले गए और अचानक डूबने लगे। उनके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई और बहाव के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते दोनों युवक पानी में लापता हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। सूचना पाकर चकिया कोतवाली पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज, प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह सहित पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोर रणवीर चौहान की मदद से सर्च अभियान चलाया और दोनों शवों को डैम से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। ईद जैसे खुशी के मौके पर हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







