लतीफशाह डैम पर बढ़ा हादसों का खतरा: प्रशासन ने पेड़ पर टांगा 'सावधान' बोर्ड, पर्यटकों से की यह अपील
चंदौली के प्रसिद्ध लतीफशाह डैम पर हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने चेतावनी बोर्ड लगाया है। बारिश में जलस्तर बढ़ने के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों से गहरे पानी में न उतरने की सख्त अपील की गई है।
लतीफशाह डैम पर प्रशासन की सख्ती
पर्यटकों के लिए जारी चेतावनी बोर्ड
गहरे पानी में उतरने पर रोक
इमरजेंसी नंबर 112 और 108 जारी
बारिश में हादसों को रोकने की पहल
चंदौली जिले के चकिया-लतीफशाह मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध लतीफशाह डैम के पास प्रशासन की ओर से एक विशेष जागरूकता बोर्ड लगाया गया है। स्थानीय प्रशासन ने यह बोर्ड पास में ही मौजूद ताड़ के पेड़ पर लगाया है ताकि वहां आने वाले हर व्यक्ति की नजर इस पर आसानी से पड़ सके। बरसात के मौसम में डैम का जलस्तर बढ़ने और पानी गहरा होने की वजह से होने वाले सम्भावित हादसों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

अतीत में हो चुके हैं कई दर्दनाक हादसे
आपको बता दें कि पूर्व में भी बाहर से आने वाले कई पर्यटक सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर लतीफशाह डैम के पानी में नहाने उतर गए थे, जिससे डूबने के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद घूमने आने वाले लोग अक्सर लापरवाही बरतते हैं। बारिश के दिनों में जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे पानी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा लगाना काफी मुश्किल हो जाता है। इसी को देखते हुए प्रशासन अब पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है।

बोर्ड पर लिखी है यह सख्त हिदायत
डैम के पास लगाए गए इस बोर्ड पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘सावधान! सावधान!!’ लिखा गया है। इसके जरिए बाहर से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों से पानी में न उतरने तथा सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई है। बोर्ड में लोगों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि वे पानी में न तो तैरें और न ही गहरे पानी की तरफ जाएं। साथ ही छोटे बच्चों को जलाशय के किनारे अकेले न जाने देने की सख्त चेतावनी भी दी गई है।
इमरजेंसी नंबर भी किए गए जारी
बरसात के दिनों में लतीफशाह का प्राकृतिक सौंदर्य और पहाड़ियों का नजारा लोगों को खूब आकर्षित करता है, जिससे यहां पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ जुटती है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बोर्ड पर आपातकालीन सेवा नंबर 112 और 108 भी लिखे गए हैं। प्रशासन ने साफ कहा है कि लोग यहां की सुंदरता का आनंद जरूर लें, लेकिन अपनी सुरक्षा से कोई समझौता न करें और किसी भी हाल में पानी में न उतरें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








