लतीफशाह मार्ग पर सड़क धंसी, रस्सी के सहारे बचाए गए राहगीर, बाल-बाल बचे लोग
गांधीनगर-लतीफशाह मार्ग पर धंसी सड़क से मचा हड़कंप
दो राहगीर धंसी सड़क में फंसे, ग्रामीणों ने बचाई जान
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाया
लोक निर्माण विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
चंदौली जिला के चकिया तहसील अंतर्गत लतीफशाह बांध से लगभग 200 मीटर की दूरी पर गांधीनगर लतीफशाह मुख्य मार्ग की सड़क सोमवार की सुबह धंस गई। जिससे मार्ग से गुजर रहे दो राहगीर उसमें फंस गए। धंसी सड़क के बीच में फंसे राहगीरों को आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी के सहारे खींचकर बाहर निकाला। जिसके कारण जहां बड़ा हादसा होने से टल गया, इसके बाद लोगों ने राहत का सांस लिया।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षा की दृष्टि से क्षतिग्रस्त मार्ग के चारों तरफ कटीले झाड़ियों को लगाकर घेर दिया है। ताकि मार्ग से गुजरने वाले लोगों को हादसे का शिकार न होना पड़े। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद सिंचाई विभाग के अवर अभियंता मनिराज यादव ने सबसे पहले नहर को बंद कराया फिर विभागीय कर्मचारियों के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच गए और सड़क का मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। जबकि सूचना के बाद भी लोक निर्माण विभाग का कोई भी अधिकारी तथा कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

बता दें कि गांधीनगर लतीफशाह मार्ग के बीच में पिछले वर्ष भी सड़क धंसने की घटना घटित हो चुकी है। जिससे पूरा आवागमन अवरूद्ध हो गया था, जिसमें सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग ने संयुक्त प्रयास करके सड़क पर मिट्टी डलवाकर तीन दिनों के अंदर सड़क का मरम्मत कराकर आवागमन शुरू कराया था। मामले में लोक निर्माण विभाग ने जहां नहर की पानी रिसाव के कारण सड़क धंसने का कारण बताया था, वहीं सिंचाई विभाग ने सड़क निर्माण में कमियां बताई थी। अबकी बार सड़क धंसने का कारण मार्ग के समीप गुजरी राइट कर्मनाशा नहर में रिसाव के कारण होल बनना बताया जा रहा है।

एक वर्ष में ही दूसरी बार सड़क धंसने की घटना घटित होने के बाद मार्ग से आवागमन करने में लोग भयभीत है। जबकि उक्त मार्ग से प्रतिदिन भारी संख्या में सैलानियों के आने जाने तथा जंगल क्षेत्र के कौड़िहार, खास, भागलपुर, पथरिया धन्नीपुर, नईबस्ती आदि गांव के ग्रामीणों का आवागमन होता रहता है। सड़क की जर्जर हालत के कारण मार्ग से गुजरने वाले लोग भयभीत है तथा अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








