जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सिंचाई विभाग की लापरवाही पर किसान विकास मंच का अल्टीमेटम, नहर अतिक्रमण मुक्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी

किसान विकास मंच ने लेहरा शाखा नहर में बढ़ते अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मानसून से पहले नहर की सफाई और अतिक्रमण नहीं हटा, तो किसान कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे।

 

पहाड़पुर गांव के सामने नहर में भारी अतिक्रमण

सिंचाई विभाग के अधिकारी नहीं कर रहे मॉनिटरिंग

जलजमाव से फसलें बर्बाद होने और बुआई में देरी का संकट

अधिशासी अभियंता को फोन पर दी गई कड़ी चेतावनी

किसान विकास मंच का कलेक्ट्रेट पर धरने का ऐलान

चंदौली जिले में भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच किसानों की समस्याओं को लेकर किसान विकास मंच एक बार फिर मुखर हो गया है। संगठन के पदाधिकारियों ने राइट कैनाल की लेहरा शाखा का स्थलीय निरीक्षण किया, जहाँ नहर की बदहाली देखकर नाराजगी जताई। किसान विकास मंच के संगठन मंत्री और सलाहकार अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पहाड़पुर गांव के सामने लेहरा शाखा पर भारी अतिक्रमण हो चुका है, जिससे नहर का अस्तित्व संकट में है।

अतिक्रमण और गंदगी से फसलें हो रही बर्बाद
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नहर के भीतर कुछ लोग जानबूझकर पेड़ और झाड़ीदार खरपतवार लगा रहे हैं। पूरी नहर में दूर-दूर तक बेहया (एक प्रकार की जंगली झाड़ी) फैली हुई है। इस अतिक्रमण के कारण मानसून के दौरान पहाड़पुर, मसोई, हड़ौरा, जिगिना और अमांव जैसे गांवों के तालाबों और खेतों का पानी नहीं निकल पाता। जलजमाव की स्थिति बनने से फसलें पूरी तरह बर्बाद हो जाती हैं। इसके कारण धान की कटाई के वक्त हार्वेस्टर चलाने में दिक्कत आती है और बुआई में भी काफी देरी होती है।

lehra-canal-encroachment-farmers-protest-warning

अधिकारियों की चुप्पी और किसानों का गुस्सा
अनिल कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार को पूर्व में भी सूचित किया था, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला है। आज मौके पर पहुंचे पदाधिकारियों ने नहर की दुर्दशा देखने के बाद अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता राकेश तिवारी और अवर अभियंता हीरा लाल को कड़ी चेतावनी दी। संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने स्पष्ट लहजे में कहा कि नहर के टेल (अंतिम छोर) तक सफाई सुनिश्चित की जाए और अतिक्रमण तुरंत हटाया जाए।

कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी
किसान विकास मंच ने साफ तौर पर कहा है कि यदि बरसात शुरू होने से पहले नहर को अतिक्रमण मुक्त नहीं किया गया, तो संगठन के कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय (कलेक्ट्रेट) पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। संगठन ने कहा कि वे खेती और किसानों की आजीविका के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार ने आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही जेसीबी लगवाकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*