जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

महारथपुर पोखरे से सिंचाई पाइप चोरी, पर्यावरण संरक्षण अभियान को लगा गहरा झटका

चंदौली के शहाबगंज में पर्यावरण बचाने की युवाओं की नेक कोशिश पर चोरों ने पानी फेर दिया है। महारथपुर पोखरे से सिंचाई पाइप चोरी होने से अब पौधों के सूखने का खतरा मंडरा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

 
 

महारथपुर पोखरे से सिंचाई पाइप चोरी

पर्यावरण संरक्षण अभियान को बड़ा झटका

युवाओं की मेहनत पर फिरा पानी

क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

चंदौली जनपद के शहाबगंज क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पर्यावरण संरक्षण जैसे पुनीत कार्यों को भी निशाना बनाने लगे हैं। महारथपुर पोखरे पर पौधों की सिंचाई के लिए लगाए गए पाइप के चोरी हो जाने से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

युवाओं की मेहनत पर फिरा पानी
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र की हरियाली को बढ़ावा देने के लिए गांव के युवाओं ने आपसी सहयोग और चंदा इकट्ठा किया था। मात्र तीन दिन पहले ही उन्होंने सिंचाई के लिए नया पाइप खरीदा था, ताकि भीषण गर्मी में पौधों को नियमित पानी मिल सके। लेकिन अज्ञात चोरों ने इस नेक काम को निशाना बनाते हुए पाइप पार कर दिया। पाइप चोरी होने के कारण अब पोखरे के किनारे लगे पौधों के सूखने का खतरा पैदा हो गया है, जिससे युवाओं की पिछले कई दिनों की कड़ी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
इस घटना से ग्रामीणों में केवल गुस्सा ही नहीं, बल्कि भय भी व्याप्त है। विजय, मनोज, सत्येंद्र, कमला, पारस और जय प्रकाश सहित स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समाजहित और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों के लिए लगाई गई वस्तुएं भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आमजन की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से घटना की जांच करने, पाइप की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों ने आमजन से भी अपील की है कि वे गांव के विकास और हरियाली को बचाने के लिए एकजुट हों, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*