जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सैदूपुर, सरैया, बसाढ़ी तथा खरौझा सहित दर्जनों गांवों में बंदरों का आतंक जारी, नहीं सुन रहा है वन विभाग

 ग्रामीणों का कहना है कि कई बार वन विभाग को लिखित सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे स्थिति दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।
 

चकिया क्षेत्र में बंदरों का बढ़ता आतंक

ग्रामीण पर कभी भी हमला कर देते हैं बंदर

वन विभाग नहीं कर रहा है खतरनाक बंदरों के खिलाफ कार्रवाई 

चंदौली जिला के चकिया तहसील क्षेत्र अंतर्गत सैदूपुर, सरैया, बसाढ़ी तथा खरौझा सहित दर्जनों गांवों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदर इतने आक्रामक हो गए हैं कि छत पर किसी भी जरूरी काम से जाने पर लोगों को दौड़ा कर काट ले रहे हैं। सीढ़ियों के रास्ते घरों के अंदर घुसकर खाद्य सामग्री खा रहे हैं और बर्बाद भी कर रहे हैं। यहां तक कि घरों में रखे कपड़े तक को फाड़ डालते हैं।

 जिसके कारण अब तक दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं, जबकि कई ग्रामीण बंदरों के काटने से जख्मी हुए हैं। शनिवार को किसान इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य लालजी मौर्य को बंदरों ने दौड़ा लिया, किसी तरह भागकर उन्होंने जान बचाई। पिछले महीने सरैया गांव में छत पर डेरा जमाए बंदरों ने बरामदा गिरा दिया था, जिससे नीचे बैठे बंटी पाल के सिर में गंभीर चोट आई थी। सैदूपुर के प्रमोद मौर्य, अशोक तथा खरौझा के जयप्रकाश शर्मा और शिवेश सहित कई लोग पहले ही बंदरों के हमले का शिकार हो चुके हैं।

 ग्रामीणों का कहना है कि कई बार वन विभाग को लिखित सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे स्थिति दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री अशोक कुमार गुप्त सहित कई बुद्धिजीवियों ने जिला प्रशासन से ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा के लिए शीघ्र कदम उठाने और इन आतंकी बंदरों को पकड़कर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने का मांग किया है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*