मनकपड़ा गांव में ग्रामीणों का अनोखा विरोध: जर्जर और कीचड़ भरी सड़क पर बोई धान की फसल
मनकपड़ा गांव में सड़क पर धान रोपाई
चंदौली में जर्जर सड़क पर अनोखा प्रदर्शन
जलभराव से स्कूली बच्चों को भारी परेशानी
सड़क निर्माण न होने से ग्रामीणों में गुस्सा
चंदौली जिले के शहाबगंज विकास खंड अंतर्गत मनकपड़ा गांव में जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। लंबे समय से खराब पड़ी सड़क की मरम्मत न होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन को जगाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। ग्रामीणों ने सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के बीच ही धान के पौधों की रोपाई कर जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपना विरोध जताया।
जलभराव से बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की दलित बस्ती में स्थित मुख्य मार्ग काफी लंबे समय से बेहद जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे बारिश होते ही पानी भर जाता है। नाली के पानी की सही निकासी न होने की वजह से गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। इसके कारण पूरी सड़क पर कीचड़ की मोटी परत जम गई है, जिससे होकर गुजरना लोगों के लिए बेहद खतरनाक हो गया है।
स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर असर
सड़क की इस बदहाली का सबसे बुरा असर प्राथमिक विद्यालय जाने वाले छोटे बच्चों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे जब स्कूल के लिए निकलते हैं तो रास्ते में फिसलकर कीचड़ में गिर जाते हैं और कई बार चोटिल हो जाते हैं। बारिश के दिनों में हालत इतनी बिगड़ जाती है कि कई बच्चे स्कूल पहुंचने के बजाय रास्ते से ही वापस घर लौटने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई का काफी नुकसान हो रहा है।
अधिकारियों की अनदेखी से बढ़ा आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण और जलनिकासी को ठीक कराने की मांग वे लंबे समय से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कर रहे हैं। बार-बार ध्यान दिलाने के बाद भी समस्या का कोई स्थायी हल नहीं निकाला गया। हर बारिश में उन्हें इसी नारकीय स्थिति से जूझना पड़ता है।
आंदोलन की दी चेतावनी
सोमवार को ग्रामीणों ने तंज कसते हुए कहा कि यह सड़क कम और धान की खेती का खेत ज्यादा लग रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की मरम्मत और जलनिकासी का काम जल्द शुरू नहीं हुआ, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। इस प्रदर्शन में धीरेंद्र कुमार, दरोगा श्याम नारायण, रमेश प्रसाद, आशा देवी, सीमा देवी, दीपावली, हौसला देवी और गीत देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।a
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







