तीजा के कार्यक्रम में दिया आपसी मिल्लत और भाईचारे का संदेश
एकौना गांव में तीजा कार्यक्रम सम्पन्न
इमाम हुसैन की शहादत को किया गया याद शहाबगंज
ऐसे आयोजन समाज में एकता और सद्भाव की मिसाल
चंदौली जिले के शहाबगंज विकास क्षेत्र के एकौना गांव में मंगलवार को अंजुमन फिदाए हुसैन कमेटी के तत्वावधान में तीजा कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। हर वर्ष की तरह इस बार भी इमाम हुसैन और उनके 72 अनुयायियों की शहादत की याद में आयोजित इस कार्यक्रम में आपसी मिल्लत और भाईचारे का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान बदरुद्दोजा अंसारी एवं इजहार अंसारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर श्री अंसारी ने कहा, “तीजा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि यह समाज में एकता और सद्भाव की मिसाल भी है।”
इस प्रतियोगिता में गौसिया अंजुमन कमेटी केरायगांव, इस्लामिया अंजुमन कमेटी बसाढ़ी, तथा शाही अंजुमन कमेटी सोहदवार की टीमों ने भाग लिया। कलाकारों ने लकड़ी, भाला, बंदिश, बाना, बनेठी व झूमर जैसी पारंपरिक औजारों से अभूतपूर्व करतब प्रस्तुत किए, जिसे देखने के लिए गांव सहित आस-पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दर्शक एकत्र हुए।

कार्यक्रम में शमशाद अंसारी, खालिक अंसारी, खलीफा जुल्फेकार अंसारी, मतीउल्लाह अंसारी, परवेज मुशर्रफ, सैफ अली, वाजिद अली, अजहरुद्दीन, यासीन अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और पुलिसकर्मी मुस्तैद नजर आए।
यह आयोजन न केवल धार्मिक भावनाओं को सशक्त करता है, बल्कि समुदायों को जोड़ने और आपसी सद्भाव का सेतु बनने का भी काम करता है।

Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








