जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

शहाबगंज में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दरिंदगी के आरोप में गांव के प्रीतम और संजय पर केस दर्ज

चंदौली के शहाबगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के दो नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा है।

 
 

शहाबगंज के गांव में सामूहिक दुष्कर्म

नाबालिग पीड़िता के साथ दरिंदगी का आरोप

प्रीतम गिरी और संजय पर मुकदमा दर्ज

जिला महिला अस्पताल भेजी गई पीड़िता

पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई

चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में शनिवार की देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों के बीच भारी आक्रोश देखने को मिला।

परिजनों की तहरीर पर गांव के दो युवकों पर मुकदमा दर्ज
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिजनों ने शहाबगंज थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी बात बताई और लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही रहने वाले दो युवकों, प्रीतम गिरी और संजय वनवासी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया जिला अस्पताल
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। शहाबगंज पुलिस ने पीड़िता को तुरंत डॉक्टरी जांच और इलाज के लिए जिला महिला चिकित्सालय चंदौली भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और भी ज्यादा स्पष्ट हो सकेगी।

 सख्त कार्रवाई का आश्वासन
थाना प्रभारी निरीक्षक कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले से जुड़े हर एक पहलू की गहराई से जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*