जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बिहार से लापता किशोर का शव चंदौली में बरामद, रामप्रवेश की मौत से परिवार में मचा कोहराम

चंदौली के चकिया क्षेत्र में कर्मनाशा नदी किनारे 14 वर्षीय किशोर रामप्रवेश मौर्य का शव मिलने से हड़कंप मच गया। दो दिन से लापता इस किशोर को आखिरी बार हनुमान मंदिर के पास देखा गया था। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।

 

कर्मनाशा नदी किनारे मिला किशोर का शव

दो दिनों से घर से लापता था रामप्रवेश

चकिया पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

मंगरौर हनुमान मंदिर के पास आखिरी दर्शन

नदी में डूबने से मौत की आशंका

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मंगरौर नदी के समीप कर्मनाशा नदी किनारे एक 14 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बिहार राज्य के कैमूर जनपद अंतर्गत चांद थाना क्षेत्र के निवासी रामप्रवेश मौर्य के रूप में की गई है।  शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना 
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह जब गांव के कुछ लोग शौच के लिए कर्मनाशा नदी की ओर गए थे, तब उनकी नजर किनारे पड़े किशोर के शव पर पड़ी।  ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।

चंदौली: कर्मनाशा नदी किनारे मिला किशोर का शव, दो दिनों से था लापता, मंगरौर गांव के पास मिला शव 

 परिजनों ने बताया कि रामप्रवेश मौर्य पिछले दो दिनों से घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था।  उसे आखिरी बार मंगरौर स्थित हनुमान मंदिर के आसपास देखा गया था, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।  परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन सोमवार सुबह उसकी मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस कर रही है मौत के कारणों की जांच 
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।  थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।  हालांकि, शुरुआती जांच में नदी में डूबने से मौत होने की संभावना जताई जा रही है।  फिलहाल, पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।  इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीण निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*