ग्रामीण प्रतिभाओं का बजा डंका, विधायक कैलाश आचार्य ने 54 मेधावियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
सवैया महलवार में आयोजित प्रतिभा खोज परीक्षा के 54 मेधावी छात्र-छात्राओं को विधायक कैलाश आचार्य ने पुरस्कृत किया। ग्रामीण छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए ट्रस्ट द्वारा स्कॉलरशिप, टैबलेट और रेंजर साइकिल का वितरण किया गया।
विधायक कैलाश आचार्य ने बांटे पुरस्कार
छात्र ओम तिवारी को मिली छात्रवृत्ति
अंश तिवारी को मिला नया टैबलेट
मेधावी छात्रों को मिली रेंजर साइकिल
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला उचित मंच
चंदौली जिले में ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को शहाबगंज थाना क्षेत्र के सवैया महलवार गांव में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। स्व० जयप्रकाश मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सर्वधर्म काशी नाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 16 नवंबर 2025 को हुई 'ग्रामीण प्रतिभा खोज परीक्षा' के 54 सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

मेधावियों पर हुई पुरस्कारों की बौछार
समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने विजयी छात्रों को पुरस्कार वितरित किए। प्रतियोगिता में कक्षा 10 में प्रथम स्थान पाने वाले छात्र ओम तिवारी को 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। वहीं, कक्षा 9 में अव्वल रहे अंश तिवारी को आधुनिक टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 6 की कृतिज्ञा सिंह, कक्षा 7 के लकी पाल और कक्षा 8 के प्रत्यक्ष मौर्य को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन स्वरूप रेंजर साइकिल प्रदान की गई। पुरस्कार पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

ग्रामीण प्रतिभाओं में है अपार क्षमता: विधायक
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर की आवश्यकता है। उन्होंने ट्रस्ट के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास पैदा होता है। विशिष्ट अतिथि डॉ. कमल कुमार ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए इसे समाज की प्रगति का आधार बताया।

ट्रस्ट का उद्देश्य: हर बच्चे को मिले पहचान
ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री प्रेमचंद कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि उनकी संस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना है। ब्लॉक अध्यक्ष गुलफाम अहमद मिक्कू ने भी ट्रस्ट की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों से गांव के बच्चे भी अब बड़े सपने देखने का साहस कर रहे हैं।
इस गरिमामयी अवसर पर उपनिरीक्षक प्रेम सिंह, ग्राम प्रधान शीला देवी, अरुण, उमेश, मनमोहन, मुरारी और मंजीत कुमार गौतम समेत भारी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







