जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

नौगढ़ में जमीन और बेदखली के मुद्दे पर सपा का हल्लाबोल: सांसदों ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

चंदौली के नौगढ़ में सपा द्वारा आयोजित 'पीडीए जन पंचायत' में सांसदों और सपा नेताओं ने वनवासियों के उत्पीड़न, जमीन बेदखली और कथित फर्जी मुकदमों को लेकर सरकार को घेरा तथा मांगें न पूरी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

 
 

नौगढ़ में सपा की पीडीए जन पंचायत

वनवासियों के अधिकारों पर गरमाई राजनीति

जमीन बेदखली के खिलाफ सांसदों का धावा

फर्जी मुकदमे वापस लेने की पुरजोर मांग

मांगें न मानने पर आंदोलन की चेतावनी

चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र में वनवासी समाज के अधिकारों और किसानों की ज़मीन से जुड़े मुद्दों को लेकर बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी की ओर से 'पीडीए जन पंचायत' का बड़ा आयोजन किया गया। चकिया-लतीफशाह मार्ग पर स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित इस महापंचायत में चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह और रॉबर्ट्सगंज के सांसद छोटेलाल खरवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

naugarh-sapa-pda-jan-panchayat-vanvasi-issue

अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को जागरूक करने की जरूरत
जन पंचायत में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि समाज के सबसे निचले पायदान पर जीवन बिता रहे वनवासी, आदिवासी और गरीब तबके को उनके राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना बहुत जरूरी है। इस दौरान नौगढ़ क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों के साथ हुई मारपीट व उत्पीड़न की घटनाओं को लेकर सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए।

किसानों की जमीन और बेदखली का उठा मुद्दा
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार गरीब किसानों की जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की नीति पर काम कर रही है। नेताओं ने भेड़ा फार्म क्षेत्र का मामला उठाते हुए दावा किया कि वहां अडानी समूह को सैकड़ों एकड़ जमीन लीज पर दे दी गई है, जबकि सालों से वहां खेती कर रहे स्थानीय किसानों और वनवासी परिवारों को जमीन से बेदखल किया जा रहा है।

naugarh-sapa-pda-jan-panchayat-vanvasi-issue

पट्टा देने और फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग
जन पंचायत में जोरदार मांग उठाई गई कि जो किसान और वनवासी परिवार बरसों से इन जमीनों पर खेती करते आ रहे हैं, उन्हें ही उस जमीन का पट्टा देकर मालिकाना हक सौंपा जाए। इसके साथ ही वनवासी समाज के लोगों पर दर्ज किए गए कथित फर्जी मुकदमों को तुरंत वापस लेने और जेल में बंद निर्दोष लोगों को जल्द से जल्द रिहा करने की बात कही गई।

प्रशासन को ज्ञापन और बड़े आंदोलन की चेतावनी
नेताओं ने साफ कहा कि वनवासियों पर उत्पीड़न बंद होना चाहिए और इस सिलसिले में जल्द ही जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इन मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, तो समाजवादी पार्टी वनवासी समाज को साथ लेकर सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

सदन से लेकर सड़क तक जारी रहेगा संघर्ष
सपा सांसदों ने कहा कि पार्टी गरीबों, किसानों और आदिवासियों के हक के लिए विधानसभा से लेकर संसद तक आवाज उठाएगी। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक जितेंद्र प्रसाद एडवोकेट, पूनम सोनकर, महेंद्र राव, गीता यादव, दशरथ सोनकर और चकिया के भावी प्रत्याशी टोनी खरवार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मुस्ताक अहमद खान ने किया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*