जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा जागेश्वरनाथ धाम में लगी लंबी कतारें

सावन के दूसरे सोमवार पर चंदौली के चकिया और इलिया क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बाबा जागेश्वरनाथ धाम और कल्याण नाथ महादेव मंदिर में तड़के से ही भक्तों ने कतारबद्ध होकर विधि-विधान से जलाभिषेक किया।

 
 

सावन के दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक

बाबा जागेश्वरनाथ धाम में भारी भीड़

चकिया और इलिया में गूंजे जयकारे

सुरक्षा को लेकर पुलिस बल मुस्तैद

कल्याण नाथ मंदिर में लगी कतारें

सावन मास के दूसरे सोमवार को चंदौली जिले के चकिया और इलिया क्षेत्र स्थित प्रमुख शिवालयों में आस्था का अद्भूत नजारा देखने को मिला। भोर में जैसे ही मंदिरों के कपाट खुले, वैसे ही भगवान शिव के दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर और आसपास का इलाका पूरी तरह भक्तिमय हो गया। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा कर जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

news-sawan-second-monday-jageshwarnath-dham-crowd

बाबा जागेश्वरनाथ धाम में लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें
चकिया विकासखंड के हेतिमपुर ग्राम पंचायत स्थित महर्षि याज्ञवल्क्य की तपोभूमि बाबा जागेश्वरनाथ धाम में सुबह से ही दूर-दराज से आए शिव भक्तों की भारी भीड़ जुटी। श्रद्धालुओं ने स्वयंभू शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और माला अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मंदिर के महंत अनूप गिरी ने बताया कि तड़के से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, जिन्होंने कतारबद्ध होकर दर्शन किए।

कोतवाल अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस रही मुस्तैद
सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। कोतवाल अर्जुन सिंह के नेतृत्व में रामपुर और शिकारगंज पुलिस चौकी के जवान मंदिर परिसर व आसपास तैनात रहे। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने और भीड़ को नियंत्रित करने में पूरा सहयोग दिया।

इलिया के कल्याण नाथ और भुवनेश्वर महादेव मंदिर में भी जुटी भीड़
उधर, इलिया क्षेत्र के कलानी गांव स्थित कल्याण नाथ महादेव मंदिर, भीटियां के भुवनेश्वर महादेव मंदिर और खरौझा गांव के शिव मंदिर में भी तड़के से भक्तों की लंबी लाइनें लगी रहीं। महिलाएं, पुरुष और युवा अपनी बारी का इंतजार करते हुए भोलेनाथ की आराधना में लीन दिखे। स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था संभाली।

थाना प्रभारी चंदन राय के निर्देशन में पुलिस बल रहा तैनात
इलिया क्षेत्र में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। थाना प्रभारी चंदन राय के निर्देशन में प्रमुख शिवालयों पर पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहा। पुलिसकर्मी पूरे दिन इलाके में गश्त करते रहे और व्यवस्था को बनाए रखा। सावन के दूसरे सोमवार पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा की एक बेहद सुंदर तस्वीर देखने को मिली।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*