विद्यालय की टूटी बाउंड्रीवाल से परेशान होते हैं शिक्षक और बच्चे, जरा इसे भी देख लीजिए BSA साहब
स्कूल परिसर में अराजक तत्वों की बढ़ती जा रही है धमक
विद्यालय की टूटी बाउंड्रीवाल बनी सुरक्षा में सेंध
कब और कैसे बनेगी बाउंड्री वाल
चंदौली जिले के शहाबगंज क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय शहाबगंज में इन दिनों शिक्षा से अधिक सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है। हाल ही में आई तेज बारिश के कारण विद्यालय की पुरानी और जर्जर बाउंड्रीवाल पूरी तरह गिर गई, जिससे विद्यालय परिसर अब बिना किसी सुरक्षा घेरे के खुला मैदान बन गया है।

बाउंड्रीवाल टूटने के बाद से विद्यालय में छुट्टा पशुओं का बेरोक-टोक प्रवेश होने लगा है। पशुओं के इस तरह परिसर में आने-जाने से न केवल बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, बल्कि विद्यालय के पेड़-पौधों और हरियाली को भी नुकसान पहुंच रहा है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बिजई प्रसाद ने बताया कि लगातार छुट्टा जानवरों की आवाजाही से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा, अराजक तत्वों का विद्यालय में घुसपैठ भी एक गंभीर समस्या बन गई है। हाल ही में शौचालय का दरवाजा तोड़ दिया गया, जिससे बच्चों और शिक्षकों को भारी असुविधा हो रही है। विद्यालय के शिक्षक बताते हैं कि पशुओं की उपस्थिति से कई बार कक्षाओं का माहौल बिगड़ जाता है, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है।

प्रधानाध्यापक ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने ग्राम प्रधान और विभागीय अधिकारियों को सूचना दे दी है तथा तत्काल नई बाउंड्रीवाल के निर्माण की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन और प्रशासन इस समस्या को प्राथमिकता देंगे ताकि विद्यालय का वातावरण सुरक्षित और शिक्षण योग्य बन सके। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सके।

Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







