4 गो-आश्रय केंद्रों का नोडल अधिकारी ने किया आकस्मिक निरीक्षण, काजी हाउस की गंदगी देख भड़के अधिकारी
चकिया क्षेत्र के चार गो आश्रय केंद्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण
काजी हाउस में गंदगी देख भड़के नोडल अधिकारी
व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
चंदौली जिले के चकिया क्षेत्र में शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी और उप निदेशक (पशुधन विभाग) डा. दिलीप कुमार ने शनिवार को चकिया विकास खंड के चार गो आश्रय केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान बिशनपुर स्थित काजी हाउस में फैली गंदगी और गोबर के ढेर को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की और तत्काल साफ-सफाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान फिरोजपुर गो आश्रय केंद्र पर संपर्क मार्ग न होने की शिकायत स्थानीय नागरिकों ने की, जिस पर नोडल अधिकारी ने जल्द शासन को पत्र भेजने और सड़क निर्माण का आश्वासन दिया।
नगर पंचायत को पत्राचार के निर्देश
नगर स्थित गो आश्रय केंद्र में निरीक्षण के समय डॉ. कुमार ने पशुओं के लिए भूसा और आहार की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बारिश के कारण केंद्र में कीचड़ फैलने की स्थिति पर उन्होंने उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंद्र द्विवेदी को नगर पंचायत से पत्राचार करने का निर्देश दिया।
हेतिपुर केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
हेतिपुर पशु आश्रय केंद्र में निरीक्षण के दौरान टीन शेड के पास गड्ढे को देखकर उन्होंने पशुओं की सुरक्षा के लिए बांस-बल्ली से घेराबंदी करने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर में ट्री गार्ड लगाकर पौधारोपण और पानी निकासी के लिए नाली निर्माण का सुझाव देते हुए इसे शासन को पत्र भेजने की बात कही।
फिरोजपुर केंद्र पर मिली संतोषजनक व्यवस्था
फिरोजपुर आश्रय केंद्र में निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्था संतोषजनक मिली। पशु चिकित्साधिकारी डा. आरपी भारती से उन्होंने सभी जरूरी जानकारी ली। स्थानीय ग्रामीणों ने केंद्र तक आने के लिए संपर्क मार्ग निर्माण की मांग दोहराई, जिस पर नोडल अधिकारी ने शीघ्र शासन को अवगत कराने का आश्वासन दिया।
काजी हाउस में गोबर और गंदगी से बिगड़ी व्यवस्था
काजी हाउस (भीषमपुर) में फैली गंदगी और गोबर के ढेर ने व्यवस्था की पोल खोल दी। नाराज नोडल अधिकारी ने ग्राम प्रधान अरविंद गुप्ता को तत्काल गोबर हटवाने का निर्देश दिया।
अभिलेखों की भी जांच
निरीक्षण के दौरान सभी आश्रय केंद्रों के अभिलेखों की गहन जांच भी की गई और उनके अद्यतन एवं रख-रखाव की स्थिति की समीक्षा की गई।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








