तेज रफ्तार कार ने ली बाइक सवार की जान, दो स्थानों पर मारी थी टक्कर
सड़क हादसे में एक की मौत
चार लोग एक्सीडेंट में हो गए हैं घायल
गाड़ी छोड़कर चालक हो गया है फरार
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया
चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के चकिया–चंदौली मार्ग पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार इंडिगो कार की टक्कर से पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, चकिया से पार्टी मनाकर इंडिगो कार (नंबर DL 2CAE 3403) तेज रफ्तार में चंदौली की ओर जा रही थी। लटांव गांव के पास वाहन ने पहले लटांव निवासी घासी राम (50) और सैयदराजा थाना के तेजोपुर डढ़ीया निवासी अनीष उर्फ गोलू (18) को टक्कर मारकर घायल कर दिया।

मोटरसाइकिल के उड़े परखच्चे
इसके बाद कार चालक फत्तेपुर गांव के पास मानिकपुर निवासी मुन्ना राम, उनकी बहन शीला देवी और भांजे बंटी की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर गिरकर तड़पने लगे।

इलाज के दौरान मौत
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां से हालत गंभीर होने पर सभी को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान मुन्ना राम ने दम तोड़ दिया, जबकि शीला देवी और बंटी का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है। घासी राम और अनीष का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

परिजनों में कोहराम
मुन्ना राम की मौत की खबर मिलते ही उनके गांव में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीण गुस्से में हैं और आरोपित चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

मुकदमा दर्ज, वाहन कब्जे में
पीड़ित पक्ष ने घटना की लिखित तहरीर थाने में दी है। थाना प्रभारी हरिनारायण पटेल ने बताया कि मृतक मुन्ना राम का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वाहन को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








