जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

शहाबगंज के पालपुर स्कूल में सोते दिखे हेडमास्टर! वीडियो वायरल होने पर BEO बोले- होगी जांच, दोषी पाए जाने पर सस्पेंड

चंदौली के शहाबगंज ब्लॉक स्थित पालपुर प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें प्रधानाध्यापक स्कूल टाइम में सोते दिख रहे हैं। ग्रामीणों में भारी नाराजगी है, वहीं खंड शिक्षा अधिकारी ने सख्त जांच और निलंबन के संकेत दिए हैं।

 
 

प्राथमिक विद्यालय पालपुर में प्रधानाध्यापक का वीडियो वायरल

स्कूल समय में क्लास के भीतर सोते दिखे हेडमास्टर

भड़के ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई मांगी

शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक अनुशासन पर उठे सवाल

बीईओ अजय कुमार ने दिए सस्पेंड करने के संकेत

चंदौली जिले के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पालपुर एक बार फिर सुर्खियों में है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार सोनकर का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में प्रधानाध्यापक स्कूल के समय के दौरान ही बेफिक्र होकर सोते नजर आ रहे हैं।

palpur-school-headmaster-sleeping-video-viral-beo

वीडियो सामने आते ही ग्रामीणों और अभिभावकों का फूटा गुस्सा
सोते हुए हेडमास्टर की फोटो और वीडियो सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि सरकारी स्कूल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव होते हैं, जहां शिक्षकों का काम बच्चों को पढ़ाना होता है। अगर गुरुजी खुद क्लास में सोएंगे, तो बच्चों की पढ़ाई और स्कूल के अनुशासन का क्या होगा?

निष्पक्ष जांच और कठोर विभागीय कार्रवाई की उठी मांग
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने इस घटना पर गहरी चिंता और नाराजगी जताई है। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो की सच्चाई की तुरंत जांच कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जांच में प्रधानाध्यापक की लापरवाही और काम में ढिलाई साबित होती है, तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।

मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी ने दी कड़ी चेतावनी
सोशल मीडिया पर इस खबर को लेकर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। इस पूरे मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि यह प्रकरण अभी तक उनके संज्ञान में नहीं आया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की तुरंत जांच कराई जाएगी और अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो ऐसे लापरवाह प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*