जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

इलाज की पर्ची कटवाने में जूझ रहे हैं मरीज, रजिस्ट्रेशन काउंटर पर बन रही है आभा आईडी

वहीं जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आभा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है, और पर्ची केवल स्कैनिंग व नंबर की पुष्टि के बाद ही जारी की जाती है।
 

चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में भीड़

पर्ची कटवाने में घंटों की लग रही है कतार

आभा पोर्टल पर पंजीकरण से मरीजों को हो रही है परेशान

चंदौली जिला के चकिया नगर स्थित जिला संयुक्त जिला चिकित्सालय में पर्ची कटवाने को लेकर मरीजों व परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बदलते मौसम के साथ मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहीं रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कर्मचारियों की कमी ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।

बताते चलें कि नियम के अनुसार इलाज से पहले मरीज को मोबाइल से आभा पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद क्यूआर कोड स्कैन कर नंबर प्राप्त किया जाता है, तभी काउंटर पर पर्ची जारी होती है। लेकिन ग्रामीण इलाकों से आए कई लोग कीपैड मोबाइल इस्तेमाल करते हैं या तकनीकी जानकारी के अभाव में रजिस्ट्रेशन नहीं कर पा रहे। नतीजतन उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। महिलाएं और बुजुर्ग लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते हुए परेशान दिखे।

 परिजनों का इलाज करने गए उमाशंकर मौर्य ने बताया कि पर्ची कटवाने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। कई कीपैड मोबाइल यूजर रजिस्ट्रेशन न कर पाने के कारण बार-बार इधर-उधर भटकते हैं। इस वजह से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। आरोप है कि काउंटर पर सिर्फ एक-दो कर्मचारी तैनात हैं, जिससे प्रक्रिया बेहद धीमी है। उन्होंने मांग की कि पर्ची काउंटर पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि मरीजों को राहत मिल सके।

वहीं जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आभा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है, और पर्ची केवल स्कैनिंग व नंबर की पुष्टि के बाद ही जारी की जाती है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग तकनीकी ज्ञान की कमी और कर्मचारियों की कमी के कारण सबसे ज्यादा परेशान हैं। 

 लोगों ने मुख्य चिकित्साधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए चकिया के जिला संयुक्त चिकित्सालय की व्यवस्था सुधारने का मांग किया है, ताकि मरीजों को समय से स्वास्थ्य लाभ की सुविधा मिल सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*