जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सपा की PDA जन चौपाल: आरक्षण, संविधान की रक्षा और वंचितों के अधिकारों को लेकर नेताओं ने भरी हुंकार

चंदौली के चकिया में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित पीडीए जन चौपाल में नेताओं ने शिक्षा, आरक्षण और संविधान की रक्षा पर जोर दिया। वक्ताओं ने वंचित समाज से एकजुट होने की अपील की।

 
 

चकिया में समाजवादी पार्टी की जन चौपाल

शिक्षा सामाजिक बदलाव की सबसे बड़ी ताकत

आरक्षण और संविधान की रक्षा का आह्वान

पीडीए समाज की एकजुटता पर जोर

चंदौली जिले के चकिया स्थित सोनहूल गणपति बैंक्वेट हॉल में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक न्याय, आरक्षण और संविधान की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर नेताओं ने जोरदार तरीके से अपनी बात रखी। चौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे पिछड़े, दलित और वंचित समाज के लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर एकजुट रहने की अपील की गई।

शिक्षा को बताया बदलाव की ताकत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर ने शिक्षा को सामाजिक बदलाव और अधिकारों की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा शेरनी का दूध है, जो जितना पिएगा, उतना ही दहाड़ेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछड़े और वंचित समाज को अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि शिक्षा ही वह मुख्य हथियार है जिससे समाज अपने हक के लिए मजबूती से आवाज उठा सकता है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को वास्तविक अधिकार और रोजगार देने के बजाय केवल झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं।

वंचित वर्गों की हिस्सेदारी और अधिकार
राबर्ट्सगंज सांसद छोटे लाल खरवार ने पीडीए की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि सभी वंचित वर्गों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा। वहीं पूर्व विधायक पूनम सोनकर ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को अपनाकर ही समाज में समानता और सम्मान स्थापित किया जा सकता है। पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट ने कहा कि आरक्षण कोई सुविधा नहीं, बल्कि सदियों से वंचित समाज को बराबरी का अवसर देने वाला एक जरूरी संवैधानिक माध्यम है।

बाबा साहब के विचारों का किया स्मरण
पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राव ने बाबा साहब के 'शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो' के संदेश को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी हमारी लड़ाई के मार्गदर्शक हैं। लालता बियार ने भी समाज को संगठित होकर आगे आने की अपील की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान राजाराम बियार ने की, जबकि संचालन जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर व मुस्ताक अहमद ने संयुक्त रूप से किया।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
इस जन चौपाल के दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रभु नारायण यादव, सुधाकर कुशवाहा, टोनी खरवार, प्रधान मुन्ना भास्कर, दशरथ सोनकर, संतोष कुमार, राजेश, शोभनाथ प्रजापति, लव बियार, रंजीत राजभर, वीरेंद्र राजभर और अश्वनी सोनकर समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*