जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

पिकअप के धक्के से तीन टुकड़ों में टूटा 11 हजार वोल्ट का पोल, एक दर्जन गांवों की बिजली गुल

चकिया के बेन-धरौली मार्ग पर खिलची रजडीहा में तेज रफ्तार पिकअप ने 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन पोल को टक्कर मारकर तीन टुकड़ों में तोड़ दिया। हादसे से बाबा रमैया फीडर ठप, दर्जन भर गांवों में बिजली गुल।

 
 

 पिकअप के धक्के से टूटा हाईटेंशन पोल

तीन टुकड़ों में बंटा 11 हजार वोल्ट पोल

 एक दर्जन गांवों की बिजली गुल

 बेन-धरौली मार्ग पर रात में हादसा

 पुलिस ने पिकअप को किया जब्त

चंदौली जिले के चकिया तहसील में शनिवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बेन-धरौली मार्ग पर खिलची रजडीहा गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के पोल में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि पोल तीन टुकड़ों में टूटकर जमीन पर गिर गया। गनीमत रही कि हादसा रात के समय हुआ और उस वक्त सड़क पर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

दर्जन भर गांवों की बिजली गुल

पोल टूटते ही इलिया विद्युत उपकेंद्र के बाबा रमैया फीडर से होने वाली बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। इस फीडर से बिहार प्रांत की सीमा से सटे एक दर्जन से ज्यादा गांवों में बिजली जाती है। पोल टूटने से सभी गांव अंधेरे में डूब गए।

बताया जा रहा है कि शहाबगंज की ओर से आ रही पिकअप संख्या UP 65 JT 9340 अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए।

ग्रामीणों ने दी विभाग और पुलिस को सूचना

आवाज सुनकर पूर्व ग्राम प्रधान विजय शंकर सिंह बाबिल, रामअवध सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि हाईटेंशन पोल टूटकर गिरा हुआ है और तार जमीन पर पड़े हैं।

ग्रामीणों ने तुरंत विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद विभाग ने एहतियात के तौर पर बिजली सप्लाई बंद करा दी। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई।

पिकअप जब्त, बिजली बहाली में जुटी टीम

सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक असगर अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पिकअप को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

उधर, विद्युत विभाग की टीम टूटे हुए पोल को हटाकर नया पोल लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुट गई है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द लाइन को दुरुस्त कर गांवों की बिजली शुरू कर दी जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*