प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मरीजों की उमड़ रही भीड़, बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
शहाबगंज स्वास्थ्य केन्द्र पर मरीजों की बढ़ी भीड़
सर्दी-जुकाम और बुखार से लोग परेशान
टाईफाइड और मलेरिया के मरीजों की संख्या में इजाफा
बार-बार की बिजली कटौती से उपचार कार्य प्रभावित
चंदौली जिले के शहाबगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मौसम बदलने के कारण सर्दी-जुकाम, बुखार, टाईफाइड और मलेरिया से पीड़ित बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। हालत यह है कि पंजीकरण काउंटर से लेकर दवा वितरण कक्ष तक लंबी कतारें लग जा रही हैं।
स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि संक्रमण जनित बीमारियों के चलते मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। वहीं बार-बार होने वाली बिजली कटौती ने स्थिति को और खराब कर दिया है। बिजली गुल होने पर पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ता है।

बताते चलें कि बिजली कटौती के दौरान वार्डों में अंधेरा छा जाता है, जिससे उपचार कार्य प्रभावित होता है। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण प्रतिदिन करीब 200 से 300 लोग ओपीडी में पंजीकरण करा रहे हैं। जगह कम होने की वजह से तिमारदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लंबे समय तक बिजली न रहने से इन्वर्टर बंद हो जाते हैं। वहीं सोलर पैनल खराब पड़े होने से वे शोपीस बनकर रह गए हैं। इस वजह से अस्पताल का कार्य सुचारु रूप से नहीं चल पा रहा है।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बाबूलाल शर्मा ने बताया कि बिजली कटौती के कारण उपचार में दिक्कत आ रही है। सोलर सिस्टम खराब होने की सूचना विभागीय अधिकारियों को भेज दी गई है और जल्द ही स्थिति में सुधार लाने का आश्वासन दिया गया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








