जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

प्रोजेक्ट अलंकार योजना से चमकेगा चकिया का शिक्षा मॉडल, दो बड़े राजकीय कॉलेजों को ओपेन जिम सहित करोड़ों की सौगात

प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत चंदौली के चकिया और नौगढ़ के राजकीय इंटर कॉलेजों की सूरत बदलने वाली है। विधायक कैलाश आचार्य के प्रयासों से स्कूलों में ओपन जिम, बाउंड्री वॉल और आधुनिक लैब के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत हुए हैं।

 
 

प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत करोड़ों का बजट पास

आदित्य नारायण और नौगढ़ कॉलेज में बनेगा ओपेन जिम

साइकिल स्टैंड, सोलर प्लांट और आधुनिक लैब की मिलेगी सुविधा

चकिया क्षेत्र के कई राजकीय हाईस्कूलों को भी मिलेगा लाभ

माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'प्रोजेक्ट अलंकार योजना' के तहत चंदौली जिले के चकिया विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की बुनियादी व्यवस्थाओं (आधारभूत ढांचे) को सुधारने के लिए शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की नई कार्ययोजना को हरी झंडी दे दी है। इसके तहत नामचीन आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़ सहित क्षेत्र के कई अन्य विद्यालयों में आधुनिक निर्माण कार्यों के लिए करोड़ों रुपये का भारी-भरकम बजट पास किया गया है।

ओपेन जिम और सोलर प्लांट से लैस होंगे कॉलेज
स्थानीय भाजपा विधायक कैलाश आचार्य के विशेष प्रयासों के चलते आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़ के छात्र-छात्राओं को अब ओपेन जिम की आधुनिक सुविधा मिलने जा रही है। इसके साथ ही इन दोनों बड़े परिसरों में साइकिल स्टैंड, सुरक्षित बाउंड्री वॉल, बिजली संकट से निपटने के लिए सोलर प्लांट, और छात्राओं के लिए गृह विज्ञान व कंप्यूटर की नई हाईटेक प्रयोगशालाओं (लैब) के निर्माण के लिए बजट को मंजूरी मिली है।

दोनों प्रमुख कॉलेजों को मिले 90 लाख से अधिक रुपये
अगर आंकड़ों की बात करें तो आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में साइकिल स्टैंड, बाउंड्री वॉल, ओपेन जिम, सोलर प्लांट और गृह विज्ञान लैब तैयार करने के लिए कुल 90.87 लाख रुपये की भारी राशि स्वीकृत की गई है। वहीं दूसरी तरफ, सुदूर पहाड़ी क्षेत्र में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़ में बच्चों के खेल विकास के लिए बास्केटबॉल कोर्ट, साइकिल स्टैंड, ओपन जिम, गृह विज्ञान और कंप्यूटर प्रयोगशाला के लिए लगभग 91.63 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दी गई है।

दर्जनों हाईस्कूलों को भी मिलेगा योजना का सीधा फायदा
इस योजना का लाभ केवल इन दो कॉलेजों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि चकिया क्षेत्र के दर्जनों राजकीय हाईस्कूलों को भी इसमें शामिल किया गया है। क्षेत्र के गोलाबाद, बनरसिया, कौड़िहार, मूसाखाड़, बिठवल कलां, गायघाट, खझरा, खुरुहुजा, खखड़ा, कंदवा, जमसोत, कुरहना, कैथा और सोनवार के स्कूलों का भी कायाकल्प होगा। इन स्कूलों में जरूरत के हिसाब से नए क्लासरूम, मल्टीपरपज हॉल, आधुनिक लाइब्रेरी, छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय, साफ पानी की व्यवस्था, स्टाफ रूम, दिव्यांग बच्चों के लिए रैंप-शौचालय और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

शिक्षा को डिजिटल और आधुनिक बनाना सरकार का लक्ष्य
इस बड़ी कामयाबी पर खुशी जताते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें गरीब और ग्रामीण परिवेश के बच्चों को बेहतरीन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके विशेष अनुरोध पर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने इस कार्ययोजना को पास किया है। वहीं, आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश कुमार यादव ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि प्रोजेक्ट अलंकार योजना से मिलने वाले इस बजट से कॉलेज के माहौल, व्यवस्थाओं और शिक्षण कार्य में एक बहुत बड़ा और सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*