थ्रेसर पलटने से घायल राकेश की मौत, ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान ली आखिरी सांस
इलिया थाना क्षेत्र में थ्रेसर पलटने से घायल
ट्रैक्टर में लगी थ्रेसर मशीन पलटने से राकेश जख्मी
इसरगोढवा गांव का राकेश का चल रहा था इलाज
राकेश की मौत से परिजनों में कोहराम
चंदौली जिला के इलिया थाना क्षेत्र में थ्रेसर पलटने से घायल इसरगोढवा गांव के 15 वर्षीय राकेश की बुधवार को वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। स्वजनों के अनुसार राकेश धान की कटाई के दौरान ट्रैक्टर में लगी थ्रेसर मशीन पलटने से मंगलवार को गंभीर रूप से घायल हो गया था।
पिता मनोज ने बताया कि सुंडेहरा गांव निवासी एक ट्रैक्टर चालक मेरे नाबालिग बेटे को बहला-फुसलाकर धान थ्रेसर से धान मड़ाई के लिए ले गया था। काम के दौरान ट्रैक्टर मे लगी थ्रेसर पलट गया, जिससे राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में चकिया के एक चिकित्सालय में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता मनोज ने स्थानीय थाने में ट्रैक्टर चालक और स्वामी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की है। थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मेरे यहां तक शिकायत नहीं आई है अगर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







