जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

बरसात में ढहा कच्चा मकान, राम आशीष बघेल के सामने टूटा मुसीबतों का पहाड़

राम आशीष बघेल ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल ऋषि को सूचना दे दी है। पीड़ित ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।
 

गृहस्थी का सामान हो गया खराब

मकान में दबकर बाइक भी हो गयी क्षतिग्रस्त

पांच बकरियों की भी हो गयी है मौत

डेढ़ लाख से अधिक का हो गया है नुकसान

चंदौली जिले के चकिया इलाके में लगातार हो रही बारिश ने गरीब परिवार के आशियाने को छीन लिया। चकिया कोतवाली क्षेत्र के मुजफ्फरपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत नई बस्ती निवासी राम आशीष बघेल का कच्चा मकान सोमवार को तेज बरसात के कारण पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। इस हादसे में उनका घरेलू सामान, बर्तन, एक स्प्लेंडर बाइक और पालतू बकरियां मलबे में दब गईं।

मकान गिरने से गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पांच बकरियों की मौत हो गई। वहीं, घर के बाहर खड़ी बाइक भी मलबे में दबने से बुरी तरह टूट गई। पीड़ित परिवार को न सिर्फ रहने का ठिकाना छिन जाने का दुख है, बल्कि रोजमर्रा की जरूरत की चीजें भी बर्बाद हो गई हैं।

राम आशीष बघेल ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल ऋषि को सूचना दे दी है। पीड़ित ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि इस हादसे में उन्हें लगभग डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है, जिससे परिवार की स्थिति और भी संकटग्रस्त हो गई है।

गांव के लोगों का कहना है कि पीड़ित अत्यंत गरीब है और अब उसके पास रहने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं बचा। प्रशासन से मांग है कि उन्हें शीघ्र प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास और राहत राशि प्रदान की जाए।

इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर मकानों के प्रति संवेदनशीलता और सुरक्षा उपायों की जरूरत को उजागर कर दिया है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*