अमांव में रामकथा में बाललीला के वर्णन से भावुक हुए श्रोता, पूर्णिमा त्रिपाठी ने सुनाया विश्वामित्र यज्ञ का प्रसंग
रामकथा में छा गई रामलला की भक्ति
वृंदावन की पूर्णिमा त्रिपाठी ने सुनाया श्रीराम की बाललीला और गुरुसेवा का अद्भुत संदेश
शहाबगंज के अमांव में राममय हुआ माहौल
जयकारों से गूंजा कर्मनाशा तट
चंदौली जिले के शहाबगंज क्षेत्र के अमांव गांव स्थित बाबा मुरलीधर खेल मैदान में नौ दिवसीय संगीतमय रामकथा और अमृत वर्षा का आयोजन भक्तिमय माहौल में जारी है। कथा के चौथे दिन, कथा व्यास पूर्णिमा त्रिपाठी श्रीधाम वृंदावन ने भगवान राम के दिव्य बाल स्वरूप से लेकर महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा तक की मनमोहक कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कर्मनाशा नदी के तट पर आयोजित इस कथा को सुनने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में भक्तजन पहुंचे। कथा व्यास पूर्णिमा त्रिपाठी ने जब भगवान श्रीराम के जन्म का वर्णन किया तो पूरा पंडाल आनंद से झूम उठा। उन्होंने कहा कि जब प्रभु का जन्म अयोध्या में हुआ, तो केवल मानव ही नहीं, बल्कि पूरी सृष्टि ने आनंद मनाया। माता कौशल्या के नेत्रों से बहती अश्रुधारा ने प्रेम और वात्सल्य के सर्वोच्च भाव को दर्शाया।

बाललीला और गुरुसेवा का संदेश
कथा को आगे बढ़ाते हुए पूर्णिमा त्रिपाठी ने बाल रूप में प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मधुर वर्णन किया, बताया कि कैसे खेल-खेल में ही उन्होंने जनकल्याण और धर्म की स्थापना की। इसके बाद उन्होंने महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा के प्रसंग का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार भगवान राम और लक्ष्मण ने गुरु विश्वामित्र के आदेश का पालन करते हुए, राक्षसों के आतंक से यज्ञ को सुरक्षित किया।
कथा व्यास ने इस प्रसंग के माध्यम से समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह कथा हमें धर्म के मार्ग पर चलने, सत्य का साथ देने और जीवन में गुरु की सेवा व आज्ञापालन के महत्व को सिखाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि श्रीराम का आदर्श आचरण ही हमें यह सीख देता है कि जीवन में सदाचार और अनुशासन ही सच्ची भक्ति का आधार हैं।
कथा के दौरान भजनों की मधुर प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। 'राम लला की जय', 'जय जय श्रीराम' के जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठा। इस दौरान भक्तजन भक्तिमय माहौल में झूमते नजर आए। कार्यक्रम के सफल संचालन में अनिल चौहान, बजरंगी राजू चौहान, हौसिला यादव, बश नारायण यादव, बब्बू जायसवाल और हौसिला विश्वकर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






