जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

भ्रष्टाचार की पोल खुली: सैदूपुर-उसरी मार्ग पर एक सप्ताह में उखड़ी पैचिंग की गिट्टियां, जांच के आदेश

चंदौली के सैदूपुर-उसरी मार्ग पर पीडब्ल्यूडी के पैचिंग कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप। एक सप्ताह में गिट्टियां उखड़ने पर सीडीओ आर जगत साई ने जांच के आदेश दिए। जेई और ठेकेदार पर मानक की अनदेखी का आरोप।

 

पीडब्ल्यूडी के सैदूपुर-उसरी मार्ग पर भ्रष्टाचार का आरोप

एक सप्ताह में ही सड़क से उखड़ी गिट्टियां

ठेकेदार और जेई पर लाखों के घोटाले का आरोप

घटिया पैचिंग कार्य पर सीडीओ ने दिए जांच के आदेश

चंदौली जिले के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत सैदूपुर-उसरी मार्ग पर पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग द्वारा कराए गए पैचिंग कार्य की घटिया गुणवत्ता ने भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। कार्य के पूरा होने के एक सप्ताह के भीतर ही सड़क से गिट्टियां उखड़ने लगी हैं और पूरी सड़क पर बिखर गई हैं। ग्रामीणों का दावा है कि लाखों रुपये का यह कार्य मानकों को ताक पर रखकर किया गया है।

जेई और ठेकेदार पर गंभीर आरोप

ग्रामीणों ने ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी के जेई आलोक सिंह पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पैचिंग का काम एक तरफ हो रहा था और दूसरी तरफ से गिट्टियां उखड़कर बिखर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क की बिना उचित साफ-सफाई के ही कार्य शुरू कर दिया गया। साथ ही, अलकतरा और गिट्टी का उपयोग भी मानक के अनुरूप नहीं किया गया, जिससे सड़क एक सप्ताह भी नहीं टिक पाई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गिट्टियां उखड़ने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।

सीडीओ ने दिए जांच के आदेश

जेई आलोक सिंह ने इस संबंध में सफाई देते हुए कहा कि एक बार पैचिंग का कार्य कराया गया था और ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद उसी कार्य को दोबारा कराया जा रहा है। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि जेई और ठेकेदार एक ही कार्य को बार-बार कराकर सरकारी धन की लूट-खसोट मचाए हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर जगत साई ने संज्ञान लिया है और जांच कराकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है। ग्रामीण धनंजय, संजय, ननरु, विपिन और अजय ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*