जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चकिया में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मनाया अखिलेश यादव का 52वां जन्मदिन, 2027 में सत्ता में वापसी की तैयारी

पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राव ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सब एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी करें और समाज के हर वर्ग तक समाजवादी पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं।
 

सपा नेताओं ने कहा- यह सिर्फ उत्सव नहीं

बदलाव की शुरुआत है

सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर लगाए अखिलेश जिंदाबाद के नारे

कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एकजुट होकर ली शपथ

चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 52वां जन्मदिन चकिया नगर पंचायत स्थित आदित्य पुस्तकालय में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर केक काटा और अखिलेश यादव की लंबी उम्र की दुआ की। कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और जोश साफ दिखाई दे रहा था, और पूरी जगह "अखिलेश यादव जिंदाबाद" और "2027 में सपा सरकार" जैसे नारों से गूंज उठी।

celebrate

कार्यक्रम में सपा के प्रमुख नेता, पदाधिकारी, महिला मोर्चा, लोहिया वाहिनी, छात्र संगठन, और बुजुर्ग कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने अखिलेश यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने अखिलेश यादव को एक जननायक बताते हुए कहा कि उनका नेतृत्व ही प्रदेश के उज्जवल भविष्य की कुंजी है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राव ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सब एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी करें और समाज के हर वर्ग तक समाजवादी पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य हर तबके की आवाज उठाना है, चाहे वह किसान हो, महिला हो, या युवा।

सपा नेता अश्वनी सोनकर ने कहा, "अखिलेश यादव सिर्फ एक राजनेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। वह किसानों, महिलाओं, युवाओं और अल्पसंख्यकों की आवाज हैं।" उन्होंने यह भी दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी, और अखिलेश यादव फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे।

इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एकजुट होकर यह शपथ ली कि 2027 में विधानसभा चुनाव जीतकर अखिलेश यादव को फिर से मुख्यमंत्री बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह जन्मदिन सिर्फ उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि बदलाव की शुरुआत है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रभु नारायण यादव (विधानसभा अध्यक्ष), लल्लु यादव, विनोद सोनकर, मुस्ताक अहमद खान, अजय गुप्ता, रवि प्रकाश चौबे, अश्वनी सोनकर, मनोज यादव, कल्लु चौहान, मृत्युंजय पांडे, बब्बन सिंह यादव, विभूति नारायण यादव, त्रिलोकी पासवान, उस्मान गनी, बबलू, सुनील बियार, विनोद यादव, महबूब आलम, शमशेर यादव, बचाउ प्रजापति, जगनारायण यादव सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

इस आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि चकिया में समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरने के लिए तैयार है और अखिलेश यादव के नेतृत्व में एक बार फिर प्रदेश में बदलाव लाने का संकल्प लिया गया है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*