जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

रिश्तेदार के घर में घुसकर लाठी-रॉड से मारपीट, 6 लोगों पर नामजद तहरीर दर्ज

चंदौली के शहाबगंज क्षेत्र में रिश्तेदार के घर जा रहे युवक का लाठी-डंडों से पीछा कर मारपीट का मामला सामने आया है। दबंगों ने घर में घुसकर युवक को बंद कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर उसे सकुशल बाहर निकाला।

 
 

रिश्तेदार के घर में घुसकर की मारपीट

लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला

कमरे में बंद युवक को पुलिस ने निकाला

छह नामजद आरोपियों के खिलाफ दी तहरीर

शहाबगंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी

चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र के बिशनपुरवां गांव के रहने वाले अम्बरीश नारायण द्विवेदी के साथ मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अम्बरीश ने शहाबगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर छह लोगों पर लाठी-डंडे से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

shahabganj-assault-case-six-named-in-complaint

लाठी-रॉड लेकर आरोपियों ने किया पीछा
पीड़ित अम्बरीश नारायण के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह शहाबगंज थाना क्षेत्र के शेरवां गांव में अपने रिश्तेदार विनय कुमार उपाध्याय के घर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में शेरवां गांव के परीक्षित उपाध्याय, कौशलेंद्र उपाध्याय और लेहरा खास गांव के चार अन्य लोगों ने हाथ में लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

घर में घुसकर पीटा और कमरे में कर दिया बंद
अपनी जान बचाने के लिए अम्बरीश भागकर अपने रिश्तेदार के घर में घुस गए, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि सभी लोग गाली-गलौज करते हुए जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए और मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कमरे के अंदर बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी।

पुलिस की पैंथर टीम ने पहुंचकर निकाला बाहर
कमरे में कैद अम्बरीश ने किसी तरह शहाबगंज थाने के सीयूजी नंबर पर कॉल करके घटना की जानकारी दी और सुरक्षा की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही शहाबगंज थाने की पैंथर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर पीड़ित को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सही-सलामत उनके गांव बिशनपुरवां पहुंचाया।

छह नामजद लोगों के खिलाफ दी गई तहरीर
पीड़ित ने शहाबगंज थाने में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर सौंपकर मुकदमा दर्ज करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि मिली हुई तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जांच पूरी होते ही आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*