अतायस्तगंज में फूटा गांव वालों का गुस्सा: 30 साल से बदहाल तालाब बना आफत, ग्रामीण ने सीधे मुख्यमंत्री से लगायी गुहार
चंदौली के अतायस्तगंज गांव में 30 वर्षों से तालाब की सफाई न होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। गंदा पानी घरों में घुसने के बाद मामला अब सीधे मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल तक पहुंच गया है। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।
30 साल से तालाब की अनदेखी
अतायस्तगंज गांव के प्रधान पर आरोप
सीएम जनसुनवाई पोर्टल पर हुई शिकायत
100 परिवारों के घरों में घुसा पानी
लगातार सिमट रहा है तालाब का दायरा
चंदौली जिले के अंतर्गत शहाबगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत अतायस्तगंज में एक वर्षों पुराना तालाब अब ग्रामीणों के लिए बड़ी जी का जंजाल बन चुका है। तालाब की इस दुर्दशा से परेशान होकर गांव के निवासी चंद्रभान सिंह का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर मामले की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता ने वर्तमान ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों की घोर अनदेखी करने का सीधा आरोप मढ़ा है। उनका कहना है कि पिछले करीब 30 सालों से इस तालाब की न तो कभी ठीक से सफाई कराई गई और न ही इसे सहेजने के लिए कोई कदम उठाया गया। इसके चलते आज यह ऐतिहासिक तालाब पूरी तरह खत्म होने की कगार पर आ गया है।

100 परिवारों के घरों में घुस रहा है नाली का गंदा पानी
गांव के लोगों का कहना है कि यह तालाब अतायस्तगंज के लगभग 100 परिवारों के घरों से निकलने वाले नाबदान और बरसात के पानी के निकास का एकमात्र जरिया है। मगर लंबे समय से कचरा और गाद जमा होने के कारण तालाब पूरी तरह से पट चुका है। अब हालत यह है कि जरा सी बारिश होते ही गंदा पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुसने लगता है।
जलभराव के कारण पूरे इलाके में भीषण बदबू फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा चौबीसों घंटे बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक, हर साल बरसात के मौसम में उनका जीना मुहाल हो जाता है। लेकिन बार-बार ध्यान दिलाने के बाद भी जिम्मेदार लोग इस गंभीर समस्या पर आंखें मूंदे बैठे हैं।
लगातार सिमट रहा तालाब का रकबा, जांच की उठी मांग
मुख्यमंत्री पोर्टल पर दी गई शिकायत में चंद्रभान सिंह ने एक और बड़ा मुद्दा उठाया है। उनका आरोप है कि सरकारी कागजों (राजस्व अभिलेखों) में दर्ज तालाब का जो असली क्षेत्रफल है, वह मौके पर भू-माफियाओं और अवैध कब्जों की वजह से लगातार छोटा होता जा रहा है।
गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री व जिला प्रशासन से मांग की है कि तालाब को उसके पुराने और मूल स्वरूप में वापस लाया जाए। इसके लिए इसकी दोबारा पैमाइश कराकर, खुदाई, सफाई और सुंदरीकरण का काम तुरंत शुरू कराया जाए। सीएम पोर्टल पर मामला दर्ज होने के बाद अब ग्रामीणों को प्रशासनिक जांच और कार्रवाई की बड़ी उम्मीद जागी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








