शहाबगंज ब्लॉक परिसर में गिरा विशाल जर्जर पेड़, प्रमुख कक्ष पर गिरने से मची अफरा-तफरी
शहाबगंज विकासखंड परिसर में मंगलवार को तेज हवा और बारिश के कारण पुराना गलगल का पेड़ ब्लॉक प्रमुख कक्ष पर गिर गया। गनीमत रही कि कर्मचारी सुरक्षित बच गए, लेकिन भवन को नुकसान पहुंचा है।
शहाबगंज ब्लॉक में गिरा गलगल का पेड़
ब्लॉक प्रमुख व एपीओ कक्ष क्षतिग्रस्त
हादसे में बाल-बाल बचे सभी कर्मचारी
जर्जर पेड़ों की जांच की उठी मांग
चंदौली जिले के शहाबगंज विकासखंड परिसर में मंगलवार को उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब बारिश के बाद चली तेज हवा के झोंके से एक पुराना और विशाल गलगल का पेड़ अचानक उखड़ गया। पेड़ सीधे ब्लॉक प्रमुख कक्ष के भवन पर जा गिरा।
घटना के वक्त भवन में कई कर्मचारी काम में जुटे थे, जो खुशकिस्मती से सुरक्षित बच गए। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनते ही ब्लॉक परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
प्रमुख और एपीओ कक्ष को पहुंचा नुकसान
बताया जा रहा है कि जिस भवन पर यह विशाल पेड़ गिरा, उसी के भीतर ब्लॉक प्रमुख का मुख्य कार्यालय, एपीओ (APO) कार्यालय और तकनीकी सहायकों का कक्ष संचालित होता है। पेड़ गिरने के कारण भवन की छत और ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही कार्यालयों के अंदर रखे जरूरी सरकारी सामानों और फाइलों के भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
जर्जर पेड़ों की जांच की उठी मांग
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि यह गलगल का पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। लगातार हुई बारिश से जमीन की मिट्टी पूरी तरह ढीली हो गई थी, जिसके कारण हवा के झोंके को पेड़ संभाल नहीं पाया और गिर गया। घटना के बाद कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारियों को सूचना दी और मांग की कि पेड़ को हटाकर कामकाज सामान्य किया जाए। साथ ही परिसर में खड़े अन्य पुराने और खतरनाक पेड़ों का निरीक्षण कर उन्हें हटाने की मांग की गई।
बीडीओ ने स्थिति का जायजा लिया
मामले पर शहाबगंज के खंड विकास अधिकारी (BDO) दिनेश सिंह ने बताया कि पेड़ काफी पुराना और जर्जर स्थिति में था। बारिश और हवा के कारण इसके गिरने से प्रमुख कक्ष के भवन को क्षति पहुंची है। जल्द ही मलबे और पेड़ को हटाकर मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







