जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

छठ महापर्व का भव्य समापन: शहाबगंज में उगते सूर्य को दिया गया अर्घ्य, पुत्रों की दीर्घायु की कामना

भोर होते ही व्रती महिलाओं का जनसैलाब पोखरों, तालाबों और कर्मनाशा नदी के तट पर उमड़ पड़ा। सभी व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर उदयाचल (उगते हुए) सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
 

सूर्य उपासना का महापर्व छठ संपन्न

उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ा जनसैलाब

ड्रोन कैमरे और गोताखोरों की निगरानी में हुई छठ पूजा

अमांव में युगांधर सेवा समिति की व्यवस्था की सराहना

चंदौली जिले के शहाबगंज में सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ मंगलवार की भोर में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ भव्य रूप से संपन्न हो गया। इस अवसर पर शहाबगंज क्षेत्र के विभिन्न गांवों जैसे अमांव, एकौना, हडौ़रा, जीगना, भोड़सर, बड़गांव, ठेकहा और आसपास के इलाकों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

भोर होते ही व्रती महिलाओं का जनसैलाब पोखरों, तालाबों और कर्मनाशा नदी के तट पर उमड़ पड़ा। सभी व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर उदयाचल (उगते हुए) सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। महिलाओं ने यह अर्घ्य अपने पुत्रों तथा पूरे परिवार के सुख-समृद्धि, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना के साथ दिया।

Chhath-Mahaparv

पौ फटने से पहले ही महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाती हुई घरों से निकलीं और स्थानीय बाजारों से होकर नदी-तालाबों के किनारे पहुंची थीं। घाटों पर उन्होंने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा संपन्न की। जल अर्पण के बाद, महिलाओं ने पहले से बनाई गई वेदी पर गन्ने का मंडप बनाया, छठ माता की प्रतिमा स्थापित की और विधिवत पूजन किया। पूजन के उपरांत महिलाओं ने छठ मइया की कहानियां सुनीं और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर पर्व की मंगलकामना की।

Chhath-Mahaparv

युवाओं ने संभाला मोर्चा

इस अवसर पर अमांव गांव में युगांधर सेवा समिति के युवाओं ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पीने के पानी और चाय की व्यवस्था की थी। सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिसमें ड्रोन कैमरा, गोताखोर, लाऊडस्पीकर और बैरीकेडिंग शामिल थी। लोगों ने समिति के इस प्रयास की खूब सराहना की। सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्र और बीडीओ दिनेश सिंह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*