चंदौली के शहाबगंज में चोरों का दुस्साहस: प्राचीन काली माता मंदिर का ताला तोड़ सात घंटे उड़ाए, ग्रामीणों में भारी गुस्सा
चंदौली के शहाबगंज थाना क्षेत्र के तकिया महड़ौर में अज्ञात चोरों ने 80 साल पुराने काली माता मंदिर का ताला तोड़कर सात पीतल के घंटे चुरा लिए। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्राचीन काली माता मंदिर में हुई बड़ी चोरी
ताला तोड़कर सात पीतल के घंटे गायब
सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी के उड़े होश
शहाबगंज पुलिस की निष्क्रियता पर फूटा आक्रोश
चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत तकिया महड़ौर गांव में स्थित करीब 80 वर्ष पुराने प्राचीन काली माता मंदिर में चोरी की एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। दुस्साहसी अज्ञात चोरों ने देर रात मंदिर के मुख्य फाटक का ताला तोड़कर वहां लगे सात पीतल के भारी घंटे समेत अन्य कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय ग्रामीणों में शहाबगंज पुलिस की लचर कार्यशैली के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।

सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी के उड़े होश
मंदिर के मुख्य पुजारी चंद्रिका लाल ने शनिवार की रात हुई इस घटना के संबंध में थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि वे रोज़ की तरह जब रविवार सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना और सेवा के लिए पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था और फाटक पूरी तरह खुला पड़ा था। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि मंदिर की शोभा बढ़ाने वाले पीतल के सात बेशकीमती घंटे गायब थे। देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
भगवान भरोसे सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस गश्त न के बराबर
गुस्साए ग्रामीणों का आरोप है कि तकिया महड़ौर गांव मुख्य कस्बे से बिल्कुल सटा हुआ है, इसके बावजूद यहां की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से भगवान भरोसे चल रही है। स्थानीय निवासी महेंद्र, काशीनाथ, रामकिशोर शाहनी, रामाश्रय और पुनवासी विक्रम ने पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि क्षेत्र में रात्रि गश्त न के बराबर होती है। इसी ढिलाई का फायदा उठाकर अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह केवल एक चोरी नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और भावनाओं पर सीधा प्रहार है।
पुलिस ने शुरू की जांच, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची शहाबगंज थाने की पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे का दावा किया है। हालांकि, पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं में कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण ग्रामीण अब पुलिस के इन खोखले दावों पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी कर सामान बरामद नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








