शहाबगंज में लघु सिंचाई विभाग का कारनामा: गलत ड्राइंग से बना चेकडैम, हजारों बीघे फसल डूबने का खतरा
चन्दौली के शहाबगंज ब्लॉक में लेहरा ड्रेन पर बने एक चेकडैम को लेकर किसानों ने मोर्चा खोल दिया है। किसान विकास मंच का आरोप है कि गलत ड्राइंग के कारण मानसून में हजारों बीघे फसल जलमग्न हो जाएगी।
लेहरा ड्रेन का हुआ निरीक्षण
गलत ड्राइंग पर बना चेकडैम
हजारों बीघे फसल पर संकट
कलेक्ट्रेट में गूंजेगा यह मामला
चंदौली जिले के शहाबगंज ब्लॉक अंतर्गत लेहरा ड्रेन की बदहाली और वहां बने चेकडैम की जमीनी हकीकत जानने के लिए किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। बेन और लेहरा के सीवान से गुजरी कतकौलिया मौजे में लघु सिंचाई विभाग द्वारा एक बेहद अब्यवहारिक चेकडैम का निर्माण कराया गया है, जिसे लेकर क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने मौके की स्थिति को देखने के बाद तुरंत बंधी डिवीजन के उच्च अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया। किसानों का सीधा आरोप है कि सरकारी धन का दुरुपयोग कर इस ड्रेन में बिना सोचे-समझे गलत ड्राइंग पर चेकडैम खड़ा कर दिया गया है।

ड्रेन की ड्राइंग में हुआ बड़ा खेल
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने तकनीकी खामियों को उजागर करते हुए बंधी डिवीजन के अधिकारियों को बताया कि इस ड्रेन में फाल की ऊंचाई पानी के लेवल को हमेशा ऊपर रखेगी, जबकि ड्रेन में इस तरह का फाल नहीं बनाया जाता है। इसे नियमानुसार नीचे रखना चाहिए था। सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि बनाए गए फाल में पानी की निकासी के लिए एक भी होल (छेद) नहीं दिया गया है।
उन्होंने बताया कि विभाग को यहाँ पर रेगुलेटर का निर्माण कराना चाहिए था ताकि पानी की जरूरत को नियंत्रित किया जा सके, लेकिन लघु सिंचाई विभाग ने मनमाने ढंग से गलत निर्माण करा दिया। चूंकि ड्रेन की पूरी निगरानी बंधी डिवीजन करता है, ऐसे में उसकी अनुमति के बिना लघु सिंचाई विभाग द्वारा किया गया यह निर्माण सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है।
हजारों बीघे धान की फसल पर मँडराया संकट
इस अब्यवहारिक और गलत ड्राइंग वाले निर्माण की वजह से लेहरा, बेन, बिशुनपुरवां और धनरियां गांव के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गई हैं। इस लापरवाही के चलते आने वाले दिनों में किसानों की हजारों बीघे धान की तैयार फसल पूरी तरह जलमग्न होकर बर्बाद हो जाएगी। सिर्फ यही नहीं, इस जलजमाव के कारण आगे आने वाली रबी की फसल की बुआई भी समय से नहीं हो सकेगी और किसानों को दोहरा नुकसान झेलना पड़ेगा।
इस पूरे मामले को लेकर विकास खंड शहाबगंज के खंड विकास अधिकारी (BDO) दिनेश सिंह और लघु सिंचाई योजना के इंजीनियर विकास कुमार को इस अवैध निर्माण के खिलाफ लिखित में अवगत कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए बंधी डिवीजन के अवर अभियंता (JE) अजेश्वर सिंह ने दो टूक कहा कि हमारी अनुमति के बिना इस तरह का निर्माण करना शत-प्रतिशत गलत और नियम विरुद्ध है।
समाधान न होने पर कलेक्ट्रेट घेरने की चेतावनी
किसानों का कहना है कि अगर इस समस्या का तत्काल कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया, तो पूरे इलाके की खेती पूरी तरह चौपट हो जाएगी। किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि वे इस पूरे मामले को कलेक्ट्रेट में जिले के जिलाधिकारी (DM) के सम्मुख मजबूती से रखेंगे। यदि प्रशासन स्तर पर जल्द ही इस अवैध चेकडैम की खामियों को दूर नहीं किया गया, तो किसान उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से संगठन मंत्री राम अवध सिंह के साथ नरेंद्र मौर्य, कीर्ति चौहान, राम लखन यादव, पंकज चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








