शहाबगंज को बड़ी सौगात: विधायक कैलाश आचार्य ने किया 2.5 करोड़ के महारथपुर अमृत सरोवर का लोकार्पण, डीएम व सीडीओ रहे मौजूद
गणतंत्र दिवस पर शहाबगंज के तियरां में भव्य अमृत सरोवर का लोकार्पण हुआ। 2.5 करोड़ की लागत से बने इस सरोवर में ओपन जिम और सौंदर्यीकरण के साथ जल संरक्षण की आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
विधायक कैलाश आचार्य और डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने किया उद्घाटन
क्षेत्र पंचायत मद से 2.5 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण
जल संरक्षण के साथ ओपन जिम और सीसी रोड की सुविधा
राधा आजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाएं हुईं सम्मानित
भूजल स्तर सुधार और सिंचाई हेतु मील का पत्थर साबित होगी परियोजना
चंदौली जिले में गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर विकास खंड शहाबगंज के तियरां गांव स्थित महारथपुर में विकास की नई इबारत लिखी गई। क्षेत्र पंचायत मद से लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित अमृत सरोवर का भव्य लोकार्पण समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कैलाश आचार्य रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और सीडीओ आर. जगत साई उपस्थित रहे।

सुविधाओं से लैस हुआ अमृत सरोवर
विधायक कैलाश आचार्य ने परिसर में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर परियोजना को जनता को समर्पित किया। इस सरोवर को केवल जल संचयन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे एक पर्यटन और स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। परियोजना के मुख्य आकर्षण इस प्रकार हैं:---

- जल संरक्षण: तालाब का गहरीकरण कर भूजल स्तर सुधारने और सिंचाई की व्यवस्था।
- सौंदर्यीकरण: चारों तरफ इंटरलॉकिंग, सीसी रोड और बैठने के लिए बेंच।
- स्वास्थ्य सुविधा: ग्रामीणों के लिए आधुनिक ओपन जिम और टहलने हेतु ट्रैक।
- प्रकाश व्यवस्था: रात्रि में सुरक्षा और सुंदरता के लिए हाईमास्ट व सोलर लाइटें।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का सम्मान
अमृत सरोवर के रखरखाव और प्रबंधन की जिम्मेदारी राधा आजीविका स्वयं सहायता समूह को सौंपी गई है। कार्यक्रम के दौरान इन महिलाओं को उनके उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह सरोवर गांव को 'आदर्श ग्राम' बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। सीडीओ आर. जगत साई ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे अन्य ग्राम पंचायतों के लिए उदाहरण बताया।
दिग्गज जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का जमावड़ा
लोकार्पण समारोह के दौरान अतिथियों ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, चकिया चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, डीडीओ सपना अवस्थी और पीडी बी.बी. सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम में स्थानीय नेतृत्व के रूप में प्रधान संघ अध्यक्ष गुलफाम अहमद मिक्कू, राकेश सिंह, बाबिल सिंह और थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अजय सिंह 'सपना' ने किया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







