बारिश भी नहीं रोक पाई खुशियां! शहाबगंज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 34 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
चंदौली के शहाबगंज में लगातार हो रही बारिश के बीच मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में 34 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, जिन्हें उपहार सामग्री और सरकारी आर्थिक सहायता दी गई।
शहाबगंज में 34 जोड़ों का विवाह
लगातार बारिश के बीच गूंजी शहनाई
वैदिक रीति-रिवाज और निकाह सम्पन्न
भाजपा जिलाध्यक्ष ने दिया आशीर्वाद
नवदंपतियों को मिले उपहार और बर्तन कीट
चंदौली जिले के शहाबगंज विकास खंड में लगातार हो रही बारिश भी लोगों के उत्साह और खुशियों की बारात को रोक नहीं सकी। प्रतिकूल मौसम के बावजूद मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित यह समारोह बेहद गरिमामय और खुशनुमा माहौल में पूरा हुआ। इस भव्य कार्यक्रम में कुल 34 जोड़े एक-दूसरे के साथ परिणय सूत्र में बंधकर नए जीवन की शुरुआत करने के लिए आगे आए।

सर्वधर्म समभाव की दिखी खूबसूरत तस्वीर
शहाबगंज में आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में सामाजिक समरसता की एक बहुत ही सुंदर तस्वीर देखने को मिली। कुल 34 जोड़ों में से 33 जोड़ों का विवाह पूरी निष्ठा के साथ हिन्दू रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। वहीं दूसरी तरफ, एक मुस्लिम जोड़े का निकाह पूरी इस्लामी परंपरा और रीति-रिवाज के साथ पढ़ाया गया, जिसने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

सरकार की ओर से मिले उपहार और बैंक में सीधी मदद
शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सभी 34 नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन बिताने के लिए उपहार सामग्री, आवश्यक बर्तन कीट और अन्य सामान वितरित किए गए। इसके साथ ही, योजना के नियमानुसार उनके बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के जरिए आर्थिक धनराशि भी ट्रांसफर की गई। उपस्थित अतिथियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अतिथियों ने योजना को बताया बेटियों का सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग की बेटियों का सम्मानजनक विवाह कराने के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह और ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने भी योजना की तारीफ करते हुए सभी को आशीर्वाद दिया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में आए सभी अतिथियों का स्वागत खंड विकास अधिकारी (BDO) दिनेश सिंह ने किया। इस खास मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा, प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह, एडीओ समाज कल्याण पंकज टाइगर, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम प्रधानों समेत भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








