शहाबगंज में दिल दहला देने वाली वारदात, आरओ प्लांट में हाथ-पैर बंधी मिली नाबालिग छात्रा
चंदौली के शहाबगंज में परचून का सामान लेने निकली नाबालिग छात्रा लापता हो गई। परिजनों की तलाश के बाद पुलिस ने आरओ प्लांट का ताला तोड़कर हाथ-पैर बंधी हालत में छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला। इलाके में सनसनी फैल गई है।
शहाबगंज में नाबालिग छात्रा को बनाया बंधक
पुलिस ने ताला तोड़कर छात्रा को छुड़ाया
आरओ प्लांट संचालकों पर अपहरण का आरोप
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार
परिजनों की तहरीर पर पुलिस जांच शुरू
चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्कूल से लौटकर दुकान गई एक नाबालिग छात्रा अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद छात्रा गांव के ही एक आरओ (RO) प्लांट के भीतर हाथ-पैर बंधी हालत में मिली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला।

परचून का सामान लेने निकली थी बच्ची
परिजन के अनुसार, छात्रा बुधवार को स्कूल से पढ़ाई करके घर लौटी थी। इसके बाद वह गांव की ही एक दुकान से परचून का सामान खरीदने के लिए निकली। जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं आई, तो परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। गांव और आसपास के इलाकों में ढूंढते हुए परिजन पास ही स्थित आरओ प्लांट के पास पहुंचे।

प्लांट के अंदर से आई रोने की आवाज
आरओ प्लांट के बाहर पहुंचे परिजनों को अचानक अंदर से किसी के रोने और सिसकने की आवाज सुनाई दी। प्लांट का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजनों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बंद दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई।

दो युवकों पर अपहरण का आरोप
अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए, छात्रा हाथ-पैर बंधी अवस्था में पड़ी थी। पुलिस ने फौरन उसे मुक्त कराया। पीड़ित परिवार ने गांव में ही आरओ प्लांट चलाने वाले जुबैर आलम और इकराम पर छात्रा को पकड़कर जबरन बंधक बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ही दोनों आरोपी फरार हैं। परिजनों ने अपहरण और जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







