जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

शहाबगंज PHC पर दो माह से दवाओं का टोटा, सर्दी-जुकाम से लेकर संक्रमण तक की दवाएं गायब

दवाओं की अनुपलब्धता के कारण सामान्य सर्दी-जुकाम, संक्रमण और दर्द जैसे रोगों से पीड़ित मरीजों को मजबूरी में निजी दुकानों का रुख करना पड़ रहा है।
 

दवाओं की आपूर्ति ठप्प होने से बढ़ी ग्रामीणों की मुसीबत

प्रभारी चिकित्साधिकारी बोले- स्टॉक आते ही शुरू होगा वितरण

आवश्यक दवाओं की कमी से शहाबगंज के मरीजों को भारी परेशानी

आखिर क्या कर रहे हैं जिले में बैठे CMO साहब
 

चंदौली जिले के शहाबगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पर पिछले लगभग दो माह से आवश्यक दवाओं की कमी बनी हुई है, जिसके चलते सामान्य इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। दवाओं की अनुपलब्धता ने विशेष रूप से ग्रामीण और गरीब वर्ग के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

स्वास्थ्य केंद्र पर सामान्य रूप से प्रयोग की जाने वाली कई महत्वपूर्ण दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इनमें एंटीबायोटिक्स, दर्द निवारक और सिरप जैसी रोजमर्रा की दवाएं शामिल हैं।

 कौन-कौन सी दवाएं हैं अनुपलब्ध
बताया जा रहा है कि पीएचसी पर निम्नलिखित आवश्यक दवाओं का स्टॉक खत्म हो चुका है:--

एम्ब्रोक्सिल सिरप (Ambrosil Syrup)

एजीथ्रोमाइसिन (Azithromycin)

एमोक्सीक्लेव (Amoxyclav)

डायक्लो इंजेक्शन (Diclo Injection)

पैनटाप इंजेक्शन (Pantop Injection)

एमाक्सी 1.2 (Amoxy 1.2)

मेरोपेनम (Meropenem)

पिपरासिलीन इंजेक्शन (Piperacillin Injection)

इनमें कई एंटीबायोटिक और उच्च क्षमता के इंजेक्शन शामिल हैं, जो संक्रमण और गंभीर रोगों के इलाज के लिए बेहद ज़रूरी होते हैं।

 निजी दुकानों से खरीदने पर बढ़ा आर्थिक बोझ
दवाओं की अनुपलब्धता के कारण सामान्य सर्दी-जुकाम, संक्रमण और दर्द जैसे रोगों से पीड़ित मरीजों को मजबूरी में निजी दुकानों का रुख करना पड़ रहा है। निजी मेडिकल स्टोर से उन्हें महंगी दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं, जिससे ग्रामीण गरीब वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पीएचसी पर मुफ्त इलाज न मिलने के कारण उनकी जेब पर अनावश्यक दबाव पड़ रहा है।

 जिले से आपूर्ति नहीं होने का कारण
इस संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एल.बी. शर्मा ने दवाओं की कमी को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि जिले से दवाओं की आपूर्ति पिछले दो माह से नहीं हो रही है।

डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि संबंधित विभाग को दवाओं की मांग कई बार भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्टॉक प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही दवाएं उपलब्ध होंगी, मरीजों को तुरंत उनका वितरण शुरू कर दिया जाएगा।

ग्रामीणों ने अब स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप करने और जल्द से जल्द दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि मरीजों को इस परेशानी से निजात मिल सके और उन्हें निजी दुकानों से महंगे इलाज के लिए मजबूर न होना पड़े।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*