जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

लतीफशाह पिकनिक मनाने गए बाइक मिस्त्री की नहर में डूबने से मौत, शहाबगंज के पड़रिया पुल के पास बड़ा हादसा

चंदौली के शहाबगंज में रविवार को पिकनिक मनाकर लौट रहा एक 29 वर्षीय युवक कर्मनाशा नहर में नहाते समय डूब गया। दोस्तों और स्थानीय लोगों के बचाने के प्रयास के बावजूद युवक की जान नहीं बच सकी, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है।

 

लतीफशाह पिकनिक मनाने गया था युवक शैलेश प्रजापति

पड़रिया पुल के पास राइट कर्मनाशा नहर में हुआ हादसा

नहाते समय अचानक गहरे पानी में जाने से डूबा युवक

शहाबगंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मृतक पेशे से बाइक मिस्त्री और घर का इकलौता सहारा था

चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत राइट कर्मनाशा नहर गोविंदीपुर रजवाहा स्थित पड़रिया पुल के पास रविवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ नहर में नहाते समय एक 29 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान भूसीकृतपुरवां निवासी शैलेश प्रजापति के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शैलेश रविवार को अपने दोस्तों के साथ लतीफशाह में पिकनिक मनाने के लिए गया था।

 

नहाते समय अचानक गहरे पानी में चला गया
पिकनिक मनाकर लौटते समय सभी दोस्त पड़रिया पुल के पास राइट कर्मनाशा नहर पर थोड़ी देर के लिए रुके। वहाँ पहले से ही कई लोगों को पानी में नहाते देख शैलेश का मन भी मचल गया और वह भी नहर में नहाने के लिए उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नहाने के दौरान शैलेश का पैर अचानक फिसल गया या वह गहरे पानी की तरफ चला गया, जिससे वह तेजी से डूबने लगा। साथी को डूबता देख किनारे खड़े उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।

shahabganj-youth-drowned-in-karamnasha-canal

घर का इकलौता सहारा छिना, गांव में शोक की लहर
बाद में स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और शुभम की सांसें थम चुकी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी लिखापढ़ी की और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

ग्रामीणों ने बेहद भावुक होते हुए बताया कि भूसीकृतपुरवां निवासी शैलेश प्रजापति पेशे से एक बाइक मिस्त्री (मैकेनिक) था और अपने पूरे परिवार में इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी इस अचानक हुई मौत से हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माँ-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*