जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

शिकारगंज में किसान विकास मंच का गुस्सा: भोका बंधी से पानी बहाने पर बंधी डिवीजन के खिलाफ प्रदर्शन, DM से होगी शिकायत

चंदौली के शिकारगंज में भोका बंधी से मनमाने ढंग से पानी बहाए जाने को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है। किसानों ने गेट मरम्मत के नाम पर पानी की बर्बादी रोकने और नहरों की पटरियां मजबूत करने की मांग की है।

 

भोका बंधी का पानी बहाने पर आक्रोश

बंधी डिवीजन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी

किसान विकास मंच ने की पैमाइश की मांग

उचेहरा माइनर में पानी न मिलने से संकट

चंदौली जिले के शिकारगंज क्षेत्र में बंधी डिवीजन द्वारा भोका बंधी से मनमाने ढंग से पानी बहाए जाने को लेकर किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। भोका बंधी के गेट नंबर 1 से जोगिया माइनर में अनावश्यक रूप से पानी छोड़े जाने के कारण किसानों ने नाराजगी जताई है। किसानों का कहना है कि बंधी में इस समय 15 फीट पानी उपलब्ध है, जो आगामी धान की रोपाई के समय बेहद काम आएगा। लेकिन सिंचाई विभाग इसे गेट मरम्मत के नाम पर व्यर्थ बहा रहा है।

Image

सभी चार गेट खराब हैं 
मामला यह है कि भोका बंधी में कुल 4 गेट हैं और चारों ही इस समय खराब स्थिति में हैं। वर्तमान में गेट नंबर 3 और गेट नंबर 4 पर पानी का स्तर बिल्कुल नहीं है। किसानों का कहना है कि बंधी डिवीजन को चाहिए कि पहले जिन गेटों पर पानी नहीं है, उनकी मरम्मत का कार्य कराए। इसके बाद गेट नंबर 2, जहां सबसे ज्यादा पानी है, उसे बाद में ठीक किया जाए। लेकिन विभाग ने उल्टा तरीका अपनाया है, जिससे पानी बर्बाद हो रहा है। किसानों ने सुझाव दिया कि गेट नंबर 2 पर बंधी की तरफ से मिट्टी डालकर पानी को बचाया जा सकता है और फिर मरम्मत कराई जा सकती है। इसी तरह गेट नंबर 1 पर भी पानी रोकने के उपाय किए जा सकते हैं।

Image

नहर की खराब पटरियों और कुलावों को दुरुस्त करने की मांग
इसी बीच बंधी डिवीजन के असिस्टेंट इंजीनियर मनोज पटेल शिकारगंज माइनर का दौरा करने पहुंचे। इस दौरान किसानों ने उनसे सिंचाई संसाधनों को तत्काल चुस्त-दुरुस्त करने की मांग की। किसान विकास मंच के नेता ईश्वरी शरण सिंह ने शिकारगंज माइनर की पश्चिमी पटरी की पैमाइश कराकर उसे मजबूत करने और कुलावों को लगाने की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा कुलावा नहीं लगाया जा रहा है, जिसके कारण किसानों को नहर की पश्चिमी पटरी को खुद ही काटना और पाटना पड़ता है। इससे सिंचाई के समय किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

उचेहरा माइनर के 'टेल' तक नहीं पहुंचता पानी
वहीं किसान विकास मंच के युवा नेता सरोज कुमार ने बताया कि उचेहरा माइनर से जुड़े गाय घाट, भंगड़ा, सुरथापुर और सहामदपुर के किसानों को कभी भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। इसका मुख्य कारण यह है कि इस माइनर की कभी ठीक से मरम्मत ही नहीं कराई गई। स्थिति इतनी खराब है कि उचेहरा माइनर के टेल (अंतिम छोर) के 500 मीटर तक माइनर का नामोनिशान तक मिट चुका है। वहां अब खेत और माइनर एक जैसे दिखाई देते हैं।

जिलाधिकारी से शिकायत करेगा किसान विकास मंच
पानी की बर्बादी और सिंचाई विभाग की मनमानी के खिलाफ किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने बंधे के सभी गेटों का निरीक्षण किया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने "बंधी डिवीजन होश में आओ, नाजायज पानी मत बहवाओ" के नारे लगाए। मंच के नेताओं ने ऐलान किया है कि वे बंधी का पानी सुरक्षित रखने और गेटों की सही तरीके से मरम्मत कराने की मांग को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी से फरियाद करेंगे।

 इस विरोध प्रदर्शन में अरविंद कुमार यादव, ईश्वरी शरण सिंह, सरोज कुमार, नंदू प्रजापति, रुपेंद्र कुमार, दशरथ पासवान, चेतन यादव, राधे यादव और मुन्ना चौहान सहित कई अन्य किसान प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*