जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में कुदरत का कहर: आंधी-पानी ने मचाई भारी तबाही, दीवार और पेड़ गिरने से दो की दर्दनाक मौत

चंदौली में बुधवार रात आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। चकिया क्षेत्र में दीवार गिरने और पेड़ की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। बिजली और यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह ठप हो गई है।

 
 

तेज आंधी-बारिश से भारी नुकसान

चकिया क्षेत्र में दो लोगों की मौत

मकान की दीवार गिरने से हादसा

विशाल पेड़ की चपेट में आई वृद्धा

बिजली आपूर्ति और आवागमन ठप

 चंदौली जिले में बुधवार की रात मौसम ने अपना सबसे भयावह रूप दिखाया। देर शाम अचानक आए तेज आंधी-पानी और चक्रवाती हवाओं ने पूरे जिले में तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा में चकिया कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। अचानक हुए इस जान-माल के नुकसान से प्रभावित गांवों में कोहराम मच गया है।

दीवार के मलबे में दबकर दम तोड़ गया किसान
पहली हृदयविदारक घटना चकिया कोतवाली क्षेत्र के शिकारगंज की है। यहां बुधवार रात जब तेज बारिश के साथ हवाएं चल रही थीं, तभी एक कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के पास मौजूद गुलाब (52) पुत्र मुन्नी इसकी चपेट में आ गए। मलबे के नीचे दबने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

storm-rain-destruction-two-deaths-chakiya-news-update

वृद्धा पर काल बनकर गिरा विशाल पेड़
वहीं, दूसरी घटना करवतिया गांव में सामने आई। यहां प्रकृति का प्रकोप एक वृद्धा पर कहर बनकर टूटा। तेज आंधी के कारण एक विशालकाय पेड़ अपनी जड़ से उखड़ गया और सीधे प्रभावती देवी (65) पत्नी नंदू के ऊपर जा गिरा। पेड़ के भारी तने के नीचे दबने से वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।

storm-rain-destruction-two-deaths-chakiya-news-update

सड़कें बंद और बिजली आपूर्ति ठप
आंधी और तूफान की तीव्रता इतनी अधिक थी कि जनपद के कई मुख्य मार्गों और ग्रामीण रास्तों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। इससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और आवागमन बाधित रहा। जिले के कई फीडरों में फाल्ट आने और तार टूटने से पूरी रात अंधेरा छाया रहा। ग्रामीण इलाकों में फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना प्रभारी अर्जुन सिंह अपनी टीम के साथ सक्रिय हुए। पुलिस ने शिकारगंज और करवतिया गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि राजस्व विभाग को भी नुकसान के आकलन के लिए सूचित किया गया है ताकि प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता मिल सके। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*