तियरी कृषि महाविद्यालय में डांडिया महोत्सव की धूम, छात्राओं ने पेश किए रंगारंग कार्यक्रम
चंदौली के तियरी कृषि महाविद्यालय में नवरात्रि पर डांडिया महोत्सव का आयोजन हुआ। छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, मां दुर्गा की भव्य आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
तियरी कृषि महाविद्यालय में डांडिया महोत्सव
मां दुर्गा की आरती से हुआ शुभारंभ
छात्राओं ने किए रंगारंग कार्यक्रम
भारतीय संस्कृति नारी शक्ति का संगम
BA BSc Agriculture छात्रों ने किया प्रतिभाग
चंदौली जिले के चकिया तहसील क्षेत्र के स्वर्गीय रामविलास सिंह शिक्षण संस्थान कृषि महाविद्यालय, तियरी में नवरात्रि के पावन पर्व पर रंगारंग डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दिया। भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नारी शक्ति के महत्व को इस कार्यक्रम में बहुत ही आकर्षक तरीके से पेश किया गया।

मां दुर्गा की आरती के साथ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की भव्य आरती के साथ हुआ। इस दौरान मां दुर्गा की आराधना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। इसके बाद छात्राओं ने डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया। नवरात्रि की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से भरे इस कार्यक्रम ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर छात्राओं ने जब डांडिया खेला तो पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।

BA और BSc एग्रीकल्चर छात्रों ने किया प्रतिभाग
महोत्सव में बीए और बीएससी एग्रीकल्चर के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में उत्साह, अनुशासन और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान साफ दिखाई दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना और उनकी छिपी हुई प्रतिभा को एक मंच देना था।
शिक्षकों का कहना है कि ऐसे आयोजन से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी संस्कृति को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं।
मुख्य अतिथि रहे बनारसी सिंह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी बनारसी सिंह मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विजय शंकर सिंह बाबिल और कुलदीप सिंह ने भी हिस्सा लिया। महाविद्यालय के प्रशासक श्याम जी सिंह ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों को मां दुर्गा का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश, सचिव शिवम सिंह सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भक्तिमय माहौल के बीच डांडिया महोत्सव बड़े ही उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







