विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: बिजली चोरी पर चार पर मुकदमा, 1.25 लाख की वसूली, 22 घरों की कटी बिजली
शहाबगंज कस्बे में बिजली विभाग और विजिलेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई
बिजली चोरी करते पकड़े गए चार लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
22 बकायादारों के घरों की बिजली आपूर्ति काटी गई
बिजली विभाग ने मौके पर वसूले 1.25 लाख रुपये
चंदौली जनपद के शहाबगंज कस्बे में बुधवार को बिजली चोरी के खिलाफ विजिलेंस टीम और बिजली विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में बिजली चोरी करते हुए चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि 22 घरों की बिजली काट दी गई।
आपको बता दें कि यह कार्रवाई शहाबगंज फीडर से जुड़े इलाकों में की गई, जहां बिजली विभाग की 10 टीमों ने एक साथ छापेमारी कर चेकिंग की। कई घरों में बिजली की चोरी पाई गई और तत्काल प्रभाव से जुर्माना लगाते हुए केस दर्ज किया गया। वहीं जिन उपभोक्ताओं पर भारी भरकम बकाया था, उनकी बिजली आपूर्ति काट दी गई। इस दौरान विभाग ने मौके पर ही करीब 1.25 लाख रुपये बकाया बिल की वसूली भी की।

इसके अलावा बिजली उपभोग में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से 55 घरों में स्मार्ट मीटर भी लगाए गए। अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने स्पष्ट कहा कि यह सघन जांच अभियान सप्ताहभर जारी रहेगा, और जिन उपभोक्ताओं पर ₹10,000 से अधिक बकाया है, वे जल्द से जल्द बिल जमा करें, अन्यथा उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा।
इस छापेमारी में एसडीओ, जेई और विजिलेंस टीम के अन्य अधिकारी शामिल रहे। इस अभियान से कस्बे में बिजली चोरों में हड़कंप मच गया है और बिजली विभाग की सख्ती को देखते हुए अब उपभोक्ता सतर्क नजर आ रहे हैं।
बिजली विभाग का यह अभियान न केवल राजस्व वसूली के लिए बल्कि बिजली चोरी रोकने के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








