छात्राओं में आत्मविश्वास और भविष्य के सपना जगाने की कोशिश है Wall of Dreams
शिक्षकों ने छात्राओं से कहा कि सपने देखना सफलता की ओर बढ़ने का पहला कदम है और मेहनत, अनुशासन और लगन से कोई भी सपना असंभव नहीं होता।
सीओ रघुराज बोले-शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार
शहाबगंज थाना परिसर में "वॉल ऑफ ड्रीम्स" देख खुश हुयीं छात्राएं
हाथों से दीवार पर सजाए अपने-अपने ख्वाब
चंदौली जिले के शहाबगंज में बच्चों में आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति प्रेरणा जगाने के उद्देश्य से, सोमवार को शहाबगंज थाना परिसर में "वॉल ऑफ ड्रीम्स" नामक एक अनूठे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कम्पोजिट विद्यालय शहाबगंज की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने हाथों के रंगीन छाप के साथ दीवार पर अपने ख्वाब उकेरे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपने सपनों को सार्वजनिक रूप से आकार देने का अवसर देना था, जिससे वे अपने भविष्य के प्रति प्रेरित हो सकें।
दीवारों पर दिखे सुनहरे सपने
छात्राओं ने थाना परिसर में सजी 'वॉल ऑफ ड्रीम्स' पर न केवल अपने हाथों के निशान बनाए, बल्कि बड़े होकर आईपीएस, पुलिस अधिकारी, डॉक्टर, आईएएस, इंजीनियर और शिक्षक बनने के अपने सपने भी लिखकर व्यक्त किए।
किसी छात्रा ने देश की सेवा करने का सपना देखा।
किसी ने समाज की बेहतरी के लिए चिकित्सा क्षेत्र में योगदान देने की इच्छा जताई।
दीवार पर दर्ज ये ख्वाब मानो आने वाले कल की सुनहरी तस्वीर पेश कर रहे थे, जिसने थाना परिसर के माहौल को जीवंत बना दिया।
सीओ रघुराज ने दिया सफलता का मंत्र
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें प्रेरित किया। सीओ रघुराज ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है, जिससे हर मुश्किल को आसान बनाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि जीवन में सफलता पाने के लिए शिक्षा सबसे शक्तिशाली साधन है।
थाना अध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बच्चियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अगर मन में किसी लक्ष्य को पाने की ठान ली जाए, तो किसी भी ऊँचाई को पाया जा सकता है।
शिक्षकों ने छात्राओं से कहा कि सपने देखना सफलता की ओर बढ़ने का पहला कदम है और मेहनत, अनुशासन और लगन से कोई भी सपना असंभव नहीं होता। थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने छात्राओं को कानून-व्यवस्था से जुड़े माहौल में अपने सपनों को दर्ज करने का एक अलग और यादगार अनुभव दिया।
"वॉल ऑफ ड्रीम्स" कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के चेहरों पर उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। यह पहल बच्चों के जीवन में एक नया संदेश छोड़ गई कि सपने देखो, उन्हें लिखो, और उन्हें पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाओ।
इस दौरान महिला कांस्टेबल नीतू भारती, शिक्षक मनोज कुमार दयाल, छात्रा खुशी, रानी, पलक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








