बरसात से डूबा बरांव कंपोजिट विद्यालय, पंचायत भवन में चल रही बच्चों की परीक्षाएं
भारी बारिश के बाद बरांव कंपोजिट विद्यालय में जलभराव
जिलाधिकारी के आदेश पर 26 अगस्त तक विद्यालय बंद किया गया था
छुट्टी खत्म होने के बाद भी विद्यालय परिसर में पानी जमा
कक्षा 1 से 8 तक की परीक्षाएं पंचायत भवन में जारी
चंदौली जिले के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय बरांव में बारिश का पानी भर जाने से बच्चों के प्रथम सत्र परीक्षा के लिए विद्यालय को पंचायत भवन में शिफ्ट किया गया है। जिससे बुधवार से बच्चों की परीक्षाएं पंचायत भवन में चल रही है।
बताते चलें कि बीते शुक्रवार की रात भारी बारिश के बाद विद्यालय परिसर से लेकर बाहर सड़कों तक पानी लबालब भरा हुआ था। जिससे विद्यालय तक आने जाने का रास्ता तक बंद हो गया था। विद्यालय में भारी जल जमाव होने से उत्तर और पश्चिम दिशा की बाउंड्री वॉल भी गिर गई है। बाढ़ की हालत को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने 26 अगस्त तक विद्यालय बंद किए जाने का निर्देश दिया था।

लेकिन छुट्टी खत्म होने के बाद भी परिसर में अब भी जगह-जगह जलजमाव बना हुआ है। और जिस जगह का पानी निकल गया है वहां सड़न होने से दुर्गंध उठ रहा है। जिसके सफाई का कार्य चल रहा है। वहीं परिषदीय विद्यालयों में 27 अगस्त से होने वाली परीक्षा को देखते हुए बच्चों को स्कूल के पास बने पंचायत भवन में शिफ्ट किया गया है। जहां दो दिनों से कक्षा एक से आठ तक के बच्चों की परीक्षाएं ली जा रही हैं। ताकि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ ना होने पाए।

इस संबंध में खंड शिक्षाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि बारिश बंद होने के बाद हालात काफी सामान्य हो गए हैं। दो दिनों में पानी पूरी तरह से हट जाएगा सफाई व्यवस्था तेजी से हो रहा है। दो दिनों में पठन-पठान का कार्य विद्यालय में होने लगेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







