जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

अमड़ा पावर हाउस पर जमकर होता है भ्रष्टाचार, बिजली कटौती से परेशान किसानों ने आंदोलन की दी चेतावनी

चंदौली के अमड़ा पावर हाउस क्षेत्र में बिजली विभाग के भ्रष्टाचार और फर्जी रिपोर्टिंग से किसान खासे नाराज हैं। प्रगतिशील किसान रतन सिंह ने आरोप लगाया कि अवैध कनेक्शनों और ट्रिपिंग के कारण खेती बर्बाद हो रही है, जल्द सुधार न हुआ तो आंदोलन होगा।

 
 

अमड़ा पावर हाउस पर भ्रष्टाचार का आरोप

फर्जी रिपोर्टिंग और ट्रिपिंग से किसान परेशान

अवैध कनेक्शनों से सिस्टम पर बढ़ा लोड

जेई पर कागजी आंकड़े भेजने का आरोप

समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

चंदौली जिले के अमड़ा पावर हाउस से जुड़े गांवों में बिजली सप्लाई की बदहाली को लेकर एक बार फिर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। प्रगतिशील किसान रतन सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों पर भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही का खामियाजा सीधे तौर पर उन किसानों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्होंने कानून के दायरे में रहकर कनेक्शन लिया है।


अवैध कनेक्शनों से ओवरलोड हुई विद्युत लाइन
रतन सिंह ने आरोप लगाया कि विभाग के कुछ अधिकारी और ठेकेदार अपनी जेब भरने के चक्कर में नियमों को ताक पर रखकर अवैध कनेक्शन बांट रहे हैं। इससे बिजली की लाइनों पर क्षमता से कहीं ज्यादा बोझ पड़ रहा है। यही वजह है कि बार-बार ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। इसका सबसे बुरा असर समय पर फसलों की सिंचाई करने वाले किसानों पर पड़ रहा है।

कागजों में पूरी बिजली, ज़मीन पर किसान बेहाल
किसानों ने संबंधित क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उच्च अधिकारियों को बिजली सप्लाई का फर्जी आंकड़ा भेजा जाता है। फाइलों में दिखाया जाता है कि गांवों को पूरी बिजली मिल रही है, जबकि हकीकत में किसान और आम लोग लगातार कटौती और ट्रिपिंग से जूझ रहे हैं। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है।

अवैध कनेक्शनों की जांच और कार्रवाई की मांग
किसानों की मांग है कि अमड़ा पावर हाउस क्षेत्र में चल रहे सभी अवैध कनेक्शनों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसमें शामिल दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो ताकि बिजली सप्लाई की व्यवस्था पूरी तरह से पारदर्शी और बेहतर हो सके।

मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
प्रगतिशील किसान रतन सिंह ने विभाग को साफ चेतावनी दी है कि अगर अमड़ा पावर हाउस क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त नहीं किया गया, तो इलाके के सभी किसान एकजुट होकर बड़ा आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*