ASP स्नेहा तिवारी का बलिया तबादला निरस्त, अब कानपुर कमिश्नरेट में संभालेंगी कमान
चंदौली में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक स्नेहा तिवारी का बलिया के लिए किया गया तबादला सरकार ने निरस्त कर दिया है। अब उन्हें कानपुर नगर कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) के पद पर नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाने वाली है।
एएसपी स्नेहा तिवारी का बलिया तबादला हुआ निरस्त
कानपुर नगर कमिश्नरेट में बनीं अपर पुलिस उपायुक्त
चंदौली के सकलडीहा में डिप्टी एसपी के पद पर रहीं तैनात
मिर्जापुर के चुनार की रहने वाली 2012 बैच की पीपीएस अधिकारी
वाराणसी-झांसी-चंदौली के बाद कानपुर में दी जाएगी सेवाएं
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा पुलिस महकमे में किए गए फेरबदल के क्रम में चंदौली जनपद में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) स्नेहा तिवारी की तैनाती को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पिछले महीने हुए प्रमोशन के बाद उन्हें बलिया जनपद में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के पद पर भेजने का आदेश जारी हुआ था, जिसे अब निरस्त कर दिया गया है। बीती रात प्रदेश सरकार द्वारा जारी की गई 44 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की तबादला सूची में स्नेहा तिवारी को अब कानपुर नगर कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) के रूप में नई तैनाती दी गई है।

चंदौली में निष्ठापूर्वक निभाई जिम्मेदारी
आपको बता दें कि स्नेहा तिवारी वर्तमान में चंदौली जनपद के सकलडीहा सर्किल में पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) के रूप में कार्यरत थीं। साथ ही साथ मिशन शक्ति की भी जिम्मेदारी संभाल रहीं थी। प्रमोशन के बाद बलिया के लिए आदेश होने के बावजूद, जनपद में विभिन्न प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों को संभालते रहने के कारण उन्हें रिलीव नहीं किया गया था। अब शासन के नए आदेश के बाद वह बलिया के बजाय औद्योगिक नगरी कानपुर नगर में अपनी सेवाएं देंगी।
वाराणसी से शुरू हुआ सफर, अब कानपुर में बड़ी कमान
मूल रूप से पड़ोसी जनपद मिर्जापुर के चुनार की रहने वाली स्नेहा तिवारी 2012 बैच की तेजतर्रार पीपीएस (PPS) अधिकारी हैं। उनकी कार्यशैली और अनुशासन की विभाग में काफी सराहना की जाती है। वर्ष 2014 में उनकी पहली पोस्टिंग वाराणसी के सदर और दशाश्वमेध सर्किल में हुई थी। वाराणसी के बाद उन्होंने झांसी जिले में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दीं और फिर चंदौली जनपद में सकलडीहा सर्किल की कमान संभाली।
चंदौली में तैनाती के दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने और जन शिकायतों के निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब कानपुर नगर जैसे बड़े कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी मिलना उनके करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। उनकी इस नई पारी के लिए जनपद के शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








