चंदौली के बबुरी पावर हाउस पर बिजली ट्रिपिंग को लेकर आधी रात को भारी हंगामा, ग्रामीणों ने किया घेराव
चंदौली के बबुरी पावर हाउस पर लगातार बिजली ट्रिपिंग से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार की रात जमकर हंगामा और घेराव किया। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह ने आधी रात को ही बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन पर कड़ी फटकार लगाई।
बबुरी पावर हाउस पर भारी हंगामा
देर रात ग्रामीणों ने किया घेराव
भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह पहुंचे
अधिकारियों को फोन पर लगाई फटकार
बिजली कटौती से पूरा जिला परेशान
चंदौली जिले के बबुरी पावर हाउस पर लगातार हो रही बिजली की ट्रिपिंग की गंभीर समस्या को लेकर गुरुवार की रात स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण उमस और अघोषित बिजली कटौती से त्रस्त दर्जनों ग्रामीणों ने देर रात बबुरी विद्युत उपकेंद्र (पावर हाउस) पर पहुंचकर परिसर का घेराव कर दिया और विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि ट्रिपिंग के कारण रात में एक पल के लिए भी बिजली नहीं टिक रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह बेपटरी हो गया है।
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) May 22, 2026
मौके पर पहुंचे भाजपा नेता, फोन पर दी खुली चुनौती
हंगामे की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बेहद करीबी माने जाने वाले कद्दावर नेता राणा प्रताप सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और बिजली विभाग की इस लचर व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। भाजपा नेता ने रात में ही पावर हाउस परिसर से बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को फोन मिलाया और उन्हें जमकर फटकार लगाई। उन्होंने बेहद तल्ख लहजे में लापरवाह अधिकारियों को खुली चुनौती देते हुए कहा, "अगर आपकी मां ने दूध पिलाया है तो सुबह 11 बजे आइए।"
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह ने इस मौके पर क्षेत्र के लापरवाह कर्मचारियों और अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि इस समय केवल बबुरी ही नहीं, बल्कि पूरा चंदौली जिला बिजली की भीषण अघोषित कटौती से बुरी तरह परेशान है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि वे इस मामले को उच्च स्तर पर उठाएंगे और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पावर हाउस पर हुए इस पूरे हंगामे और अधिकारियों को फटकार लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे आप स्वयं देख और सुन सकते हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








