जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

44 बार गुहार लगाने के बाद भी नहीं मिला न्याय, पीड़ित का आरोप- 'थानाध्यक्ष की सह पर भूमाफिया कर रहे जमीन पर कब्जा'

चंदौली के बलुआ में 44 बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी एक पीड़ित को न्याय नहीं मिला। कोर्ट का आदेश होने के बावजूद उसकी जमीन पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी शिकायत अब एसपी से की गई है।

 
 

44 बार प्रार्थना पत्र पर नहीं मिला न्याय

बलुआ एसओ पर जमीन कब्जा कराने का आरोप

एसडीएम कोर्ट के आदेश की उड़ी धज्जियां

50 मजदूर लगाकर दिन-रात अवैध निर्माण

एसपी ने दिया जांच और कार्रवाई का भरोसा

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के शेरपुर सरैया गांव में जमीन विवाद का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के रहने वाले पीड़ित गुलाब यादव का आरोप है कि वह पिछले कई सालों से न्याय के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। पीड़ित ने संपूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस और जनता दर्शन जैसे कार्यक्रमों में डीएम, एसपी और एसडीएम तक को 44 बार प्रार्थना पत्र दिए, पर नतीजा ढाक के तीन पात रहा।

balua-so-land-grab-allegation-sp-complain

कोर्ट का आदेश भी नहीं आ रहा काम
पीड़ित गुलाब यादव का गंभीर आरोप है कि एसडीएम (SDM) कोर्ट से उसके पक्ष में स्टे ऑर्डर होने के बावजूद भी विपक्षी उसकी पैतृक जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि यह सब बलुआ के थाना अध्यक्ष (एसओ) के संरक्षण में हो रहा है, जिसके कारण भूमाफिया के हौसले बुलंद हैं।

balua-so-land-grab-allegation-sp-complain

50 मजदूर लगाकर दिन-रात चल रहा निर्माण
शिकायत के मुताबिक, विवादित जमीन पर करीब 50 मजदूरों और मिस्त्रियों को लगाकर दिन-रात तेजी से अवैध निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पीड़ित ने इस बात की जानकारी डायल 112, स्थानीय चौकी प्रभारी और बलुआ पुलिस को भी दी, लेकिन किसी भी स्तर पर काम को नहीं रुकवाया गया। इससे पीड़ित का पूरा परिवार डरा हुआ है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

आखिरकार एसपी ने दिया मदद का भरोसा
हर तरफ से निराश होने के बाद पीड़ित गुलाब यादव ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात की। उसने एसपी को जमीन के सारे कागजात और कोर्ट का आदेश सौंपते हुए तुरंत दखल देने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल काम रुकवाने और पूरी निष्पक्षता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। अब देखना होगा कि राजस्व विभाग और पुलिस मिलकर पीड़ित को कब तक न्याय दिला पाते हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*