बरहनी ब्लॉक में घोटाला ही घोटाला : RTI से भी नहीं दे रहे जनसूचना, अब DM से शिकायत कर रहे हैं मृत्युंजय सिंह दीपू
बरहनी ब्लॉक में विकास कार्यों पर गंभीर सवाल
RTI के तहत मांगी गई जनसूचना न देने पर शिकायत
चंदौली के DM को सौंपा शिकायती पत्र में लगाए मनमानी के आरोप
दीपू ने मांगा है बरहनी ब्लॉक का 5 साल का लेखा-जोखा
जानकारी न मिलने पर दी है आंदोलन की चेतावनी
चंदौली के बरहनी ब्लॉक में विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठे हैं। रामधारी सिंह दिनकर सेवा समिति के सचिव मृत्युंजय सिंह दीपू ने RTI के तहत मांगी गई सूचना न मिलने पर जिलाधिकारी को पत्र सौंपा है। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख और अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए 5 साल के कार्यों का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की मांग की है, साथ ही आगे की कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
चंदौली जिले के ब्लॉक बरहनी में कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रामधारी सिंह दिनकर सेवा समिति के सचिव मृत्युंजय सिंह दीपू ने इन गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी चंदौली को एक पत्रक (ज्ञापन) सौंपा है। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख और संबंधित अधिकारियों पर मनमानी और अपारदर्शिता बरतने का सीधा आरोप लगाते हुए तत्काल जन सूचना उपलब्ध कराने की मांग की है। मृत्युंजय सिंह दीपू ने बताया कि यह जन सूचना जनता की मांग के आधार पर 11 जुलाई 2024 को सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत मांगी गई थी।
RTI पर कोई जवाब नहीं, गुणवत्ता पर संदेह
RTI के माध्यम से समिति ने बरहनी ब्लॉक क्षेत्र में कराए गए समस्त विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा, कार्य-दर-कार्य भुगतान विवरण और निविदा (टेंडर) से संबंधित सभी अभिलेख मांगे थे। मृत्युंजय सिंह दीपू का आरोप है कि RTI दाखिल करने के बावजूद अधिकारियों द्वारा अब तक कोई भी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। सूचना न मिलने के कारण यह संदेह गहरा गया है कि कार्यों को ठेकेदारों की मनमानी पर छोड़ दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कई जगहों से गुणवत्ता विहीन और नियमों के विपरीत कार्य कराए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
5 साल का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की मांग
समिति सचिव ने जिलाधिकारी से मांग की है कि वर्ष 2020-21 से लेकर 2025-26 तक ब्लॉक बरहनी में कराए गए सभी सरकारी विकास कार्यों का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक किया जाए, ताकि पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित समय पर जन सूचना उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो रामधारी सिंह दिनकर सेवा समिति प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई (विरोध/आंदोलन) करने को बाध्य होगी। यह मामला अब ब्लॉक बरहनी के विकास कार्यों को जांच के दायरे में ला सकता है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







